Personal Finance

रुपए में एेतिहासिक गिरावट, पहली बार डॉलर के मुकाबले 74 के पार

आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने से पहली बार भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले अब तक के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया।
2 min read
Oct 05, 2018
Indian Rupee
रुपए में एेतिहासिक गिरावट, पहली बार डॉलर के मुकाबले 74 के पार

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर ब्याज दरों को यथावत रखे जाने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद अमरीकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 74 के स्तर से नीचे लुढ़क गया। रुपए में यह अब तक की एेतिहासिक गिरावट है। यह पहला मौका है जब रुपया डॉलर के मुकाबले 74 रुपए के नीचे तक लुढ़का है। इससे पहले शुक्रवार को सुबह के समय अंतर बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 73.64 के स्तर पर खुला था। बाजार को ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद थी, जिसे आरबीआई ने गलत साबित कर दिया। इससे रुपए में गिरावट दर्ज की गई।

आरबीआई ने नहीं बढ़ाई ब्याज दर

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की चालू वित्त वर्ष की चौथी द्विमासिक समीक्षा बैठक के बाद शुक्रवार दोपहर बयान जारी किया गया। इस बयान में कहा गया कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। बयान के अनुसार समिति के छह में से पांच सदस्यों ने दरों को स्थिर रखने के पक्ष में और एक ने विरोध में मतदान किया। समिति की बैठक के फैसले के अनुसार रेपो दर 6.50 फीसदी, रिवर्स रेपो दर 6.25 फीसदी, मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (एमएसएफ) दर 6.75 फीसदी और बैंक दर 6.75 फीसदी, नकद आरक्षी अनुपात (सीआरआर) और वैधानिक तरलता अनुपात (एसएलआर) पूर्ववत हैं। समिति ने इससे पहले छह जून को हुई दूसरी द्विमासिक समीक्षा और एक अगस्त को हुई तीसरी द्विमासिक समीक्षा बैठक में नीतिगत दरों में एक-एक चौथाई फीसदी की बढ़ोतरी की थी।

शेयर बाजार को रास नहीं आई सरकार की कोशिश

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की सरकार की कोशिश निवेशकों को रास नहीं आर्इ, जिससे घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को भी हडकंप मच गया। तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी में हुई भारी बिकवाली से बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 800 से ज्यादा अंकों तक टूट गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 300 अंकों से ज्यादा टूटा। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को पेट्रोल-डीजल के उत्पाद शुल्क में डेढ़ रुपये प्रति लीटर की कटौती करने और तेल कंपनियों द्वारा कीमत में एक रुपये प्रति लीटर कमी करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद से तेल एवं एवं गैस समूह और ऊर्जा समूह में भारी बिकवाली देखने को मिली। आपको बता दें कि सुबह सेंसेक्स गिरावट में 35,097.99 अंक पर और निफ्टी भी दबाव में 10514.10 अंकों पर खुला था।

Published on:
05 Oct 2018 03:54 pm