ASP Anuj Chaudhary Big Statement: धुरंधर-2 देखने के बाद ASP अनुज चौधरी ने बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद अपराधी और देशद्रोही था।
ASP Anuj Chaudhary Big Statement: बॉलीवुड फिल्म धुरंधर-2 इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में अतीक अहमद जैसे किरदार को दिखाए जाने के बाद यह लगातार सुर्खियां बटोर रही है। इसी बीच फिरोजाबाद के ASP ग्रामीण अनुज चौधरी का फिल्म को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने फिल्म की सराहना करते हुए इसे देशभक्ति से जुड़ी फिल्म बताया है।
दरअसल, ASP अनुज चौधरी शुक्रवार को अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ फिल्म धुरंधर 2 देखने पहुंचे थे। फिल्म देखने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह फिल्म उन लोगों के लिए है जो देश को सर्वोपरि मानते हैं और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहते हैं।
अनुज चौधरी ने अपने अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें फिल्म Durandhar-2 देखने का अवसर मिला और यह फिल्म देशहित और आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज, खासकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उनके अनुसार, इस तरह की फिल्में देश के प्रति सकारात्मक सोच और कर्तव्यबोध को बढ़ावा देने का काम करती हैं।
ASP ग्रामीण अनुज चौधरी ने कहा कि यह फिल्म उन देशभक्तों को समर्पित है, जो बिना वर्दी के भी देश के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर देने को तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन “धुरंधरों” के बारे में है, जो देश को ही सर्वोपरि मानते हुए उसकी सेवा में समर्पित रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि फिल्म में किसी भी प्रकार की जाति या धर्म की बात नहीं की गई है। यह पूरी तरह देशभक्ति पर आधारित फिल्म है। अनुज चौधरी के अनुसार, जो भी लोग राष्ट्रप्रेम की भावना रखते हैं, उन्हें यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। उन्होंने इसे एक अच्छी और प्रेरणादायक फिल्म बताया।
ASP चौधरी से जब फिल्म में यूपी के माफिया अतीक अहमद के किरदार को लेकर हो रहे विवाद पर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतीक अहमद कोई राष्ट्रभक्त या राष्ट्रप्रेमी व्यक्ति नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि उसका विरोध हो रहा है तो लोगों को यह समझना चाहिए कि वह एक अपराधी था और पुलिस जांच में भी यह बात सामने आ चुकी है।
अनुज चौधरी ने कहा कि अतीक अहमद जैसा था और उसने पुलिस के सामने जो स्वीकारोक्ति की थी, उसी आधार पर उसे फिल्म में दिखाया गया है। उनके मुताबिक अतीक अहमद एक अपराधी था और देश के खिलाफ काम करने वाला व्यक्ति भी था, इसलिए फिल्म में उसके चरित्र को उसी रूप में दिखाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग फिल्म का विरोध कर रहे हैं, उन्हें पहले यह समझने और इस पर मंथन करने की जरूरत है कि विरोध किस बात का किया जा रहा है। उनके अनुसार, जो भी सच्चा देशभक्त है और अपने देश से प्रेम करता है, उसे यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। अनुज चौधरी ने आगे कहा कि फिल्म में किसी भी तरह से जाति या धर्म की बात नहीं की गई है।