
साइको किलर ने की निर्मम हत्या। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Crime News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। आइसक्रीम के पैसे मांगने पर एक सिरफिरे व्यक्ति ने सरेआम युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपित ने ना सिर्फ युवक की गर्दन काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया, बल्कि उसे झोपड़ी में ले जाकर चूल्हे पर भून डाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान दरियाबाद क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी 26 वर्षीय बब्लू राजभर के रूप में हुई है। बब्लू साइकिल पर फेरी लगाकर आइसक्रीम बेचने का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने चचेरे भाई नीरज के साथ साइकिल से आइसक्रीम बेचते हुए टिकैतनगर थाना क्षेत्र के परसावल गांव पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि गांव में झोपड़ी में रहने वाला शंकर यादव नाम का व्यक्ति बब्लू से आइसक्रीम लेकर खाने लगा। जब बब्लू ने उससे आइसक्रीम के 10 रुपये मांगे तो वह भड़क उठा। मामूली सी बात पर गुस्से में आए आरोपी ने कमर में रखा धारदार बांका निकाल लिया और बब्लू पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में बब्लू जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा। वह लगातार बांके से उसकी गर्दन पर वार करता रहा, जब तक कि बब्लू का सिर धड़ से अलग नहीं हो गया। यह खौफनाक मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना के दौरान बब्लू का चचेरा भाई नीरज उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले से डरकर नीरज वहां से भाग गया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी की हैवानियत देखकर कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
कुछ देर बाद जब ग्रामीण दोबारा वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरोपी युवक का कटा हुआ सिर झोपड़ी में ले जाकर चूल्हे पर भून रहा था। यह दृश्य इतना भयावह था कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी से पूछताछ की। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले भी मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी क्रूर घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संबंधित विषय:
Published on:
29 Mar 2026 11:54 am
बड़ी खबरें
View Allबाराबंकी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
