
फिरोजाबाद। जिले में बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जसराना पुलिस ने बुधवार को दबोच लिया। इनके पास से नौ चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस काफी लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह की तलाश कर रही थी।
पाढम के घिरोर तिराहे से पकड़े गए चोर
मुखबिर ने जसराना थाने की पाढम पुलिस चौकी को सूचना दी कि घिरोर तिराहे पर चोरी की बाइक समेत कुछ लोग खड़े हुए हैं। जिनके पास काफी संख्या में चोरी की बाइक हैं। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन वे बच नहीं सके। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की योजना का खुलासा किया है।
बाइक रिपेयरिंग करने वालों को बेचते थे
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी चोरी की बाइक को मिस्त्रियों को बेच देते थे। कम कीमत में मिलने के कारण लालच में मिस्त्री भी उन्हें खरीद लेते थे और बाइक के पुर्जे निकालकर दूसरी बाइक में लगाकर बेच देते थे। इतना ही नहीं पुलिस से बचने के लिए चोरी की बाइकों को दूसरी जगह ले जाने के लिए वो बंद बॉडी की गाड़ियों का प्रयोग करते थे।
पुलिस ने इन आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने बृजेश उर्फ संजू पुत्र विनोद उर्फ ईश्वर दयाल निवासी पलिया सलेमपुर थाना जसराना, पदमवीर पुत्र तेज सिसंह उर्फ मुखिया निवासी औढमपुर थाना जसराना और प्रीतेश उर्फ छोटे पुत्र रामनाथ निवासी नगला ममनी झील थाना जसराना फिरोजाबाद हैं। आरोपियों के पास से चोरी की नौ बाइक बरामद की गई हैं। बताया जाता है कि बाइक चोरी करने वाले इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।