फुटबॉल

ISl : अंतिम स्थान पर रहने से बचना चाहेंगे एटीके

मौजूदा विजेता एटीके इस बार प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई। सॉल्ट लेक स्टेडियम में होने वाले अंतिम लीग मैच में उसका सामना नार्थईस्ट युनाइटेड से होगा।
3 min read
• •
Updated: 3 Mar 2018, 6:54 PM IST
Atk will face Northeast united for the last time in ISL

नई दिल्ली। दो बार की विजेता एटीके के लिए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का चौथा सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। यह मौजूदा विजेता इस बार प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई। अपने घर सॉल्ट लेक स्टेडियम में रविवार को होने वाले अंतिम लीग मैच में जब उसका सामना नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी से होगा तो उसकी कोशिश अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रहने से बचने की होगी। वहीं नार्थईस्ट की कोशिश भी यही होगी। एटीके के अभी 13 अंक हैं और अगर वह यह मैच हार जाती है तो वह 11 अंक वाली नार्थईस्ट से पीछे हो जाएगी। अगर नार्थईस्ट जीतते हुए तीन अंक हासिल करती है तो उसके 14 अंक हो जाएंगे।

यह टीम शुरूआत से ही संघर्ष करती दिखी
सीजन की शुरूआत में एटीके से काफी उम्मीदें थी, लेकिन यह टीम शुरूआत से ही संघर्ष करती दिखी। लीग के मध्य में कोच बदलने का भी इस टीम को फायदा नहीं मिला। एटीके ने इस सीजन में सिर्फ तीन मैच जीते हैं। उसे लीग के अपने आखिरी तीन मैचों में हार ही मिली है। एफसी गोवा ने पिछले मैच में उसे 5-1 से करारी शिकस्त दी जो टीम के अंतरिम कोच एशले वेस्टवुड को काफी अखरी और उन्होंने इसके बाद टीम के मुख्य कोच के पद से हटने का फैसला कर लिया। आखिरी मैच में रोबी कीन को प्लेयर-मैनेजर बनाया गया है। मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कीन ने कहा कि भले ही उन्हें कल ही इस जिम्मेदारी के बारे में पता चला हो, लेकिन वह नार्थईस्ट के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मैच के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

कीन ने चोट के कारण लीग के शुरुआत में नहीं खेला था
टॉटनेहम के इस पूर्व स्ट्राइकर ने कहा, "मुझे कल फोन आया, और कहा गया कि इन परिस्थितियों में क्या आप टीम की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं? मैं जाहिर सी बात है इस बात से खुश था। पिछले कुछ दिनों से हमने अपने आप को अच्छे से तैयार किया है। हम कल के मैच के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।" उन्होंने कहा, "मैं इस स्थिति में काफी आराम से हूं। पिछले कुछ दिनों में कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर मुझे कुछ चीजों का इंतजाम करना पड़ा। मैं कई क्लबों का कप्तान रहा हूं। मैं अपनी राष्ट्रीय टीम क कप्तान रहा हूं। तो मुझे इस जिम्मेदारी का अनुभव है।" कीन ने चोट के कारण लीग के शुरूआती चरण में कई मैचों में हिस्सा नहीं लिया था। कीन ने कहा कि बेशक उनकी टीम का लीग में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन रविवार को होने वाले आखिरी लीग मैच में टीम अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलेगी और जीत के साथ लीग का अंत करेगी।

नार्थईस्ट का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा
उन्होंने कहा, "प्लेयर-मैनेजर के तौर पर मेरा ध्यान मैच पर है और खिलाड़ियों ने मुझे अच्छी प्रतिक्रिया दी है। मेरा काम इस मैच के लिए टीम को तैयार करना है और ईमानदारी से कहूं तो मैं इसी पर ध्यान दे रहा हूं।" इस मैच में जाते हुए एटीके इस बात की खुशी मना सकती है कि नार्थईस्ट का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है जिसकी जिम्मेदार वो खुद है। कोच अव्राम ग्रांट की टीम नार्थईस्ट को अपने पिछले पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। कोच का हालांकि मानना है कि यह प्रदर्शन टीम की असल कहानी नहीं कहता है। कोच ने कहा, "परिस्थिति चाहे कुछ भी हो हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना है। हम कुछ मैचों में अच्छा खेले, लेकिन हमारे पक्ष में सही परिणाम नहीं आ सके। मेरा मानना है कि जब आप मैच में एक गोल के अंतर से हारते हो तो इसका मतलब है कि आप अच्छा खेले थे। हमें अपने आप को जांचने की जरूरत है।"

Published on: