फुटबॉल

Cristiano Ronaldo फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल से लेंगे संन्यास, बहन ने किया कंफर्म

Cristiano Ronaldo retirement: पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2026 वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह सकते हैं। टोरंटो के BMO फील्ड स्टेडियम के बाहर उनकी बहन कातिया अवीयरो ने इसका खुलासा किया।
2 min read
Jul 03, 2026
Cristiano Ronaldo retirement, FIFA World Cup 2026, Ronaldo last dance, Portugal vs Croatia match, Katia Aveiro statement,
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Photo - IANS)

Cristiano Ronaldo retirement: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) के फैंस के लिए एक भावुक करने वाली खबर है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 रोनाल्डो के इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। इस बात का स्पष्ट इशारा खुद उनकी बहन कातिया अवीयरो (Katia Aveiro) ने दिया है।

कहां और किससे कही ये बात?

टोरंटो के BMO फील्ड (टोरंटो स्टेडियम) के बाहर, पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच राउंड ऑफ 32 मैच से ठीक पहले कातिया ने स्पोर्ट टीवी (Sport TV) और वहां मौजूद रिपोर्टर्स से बातचीत करते हुए यह बड़ा खुलासा किया। कातिया ने कहा, 'मेरे पास जो पक्की जानकारी है, उसके मुताबिक नेशनल टीम के साथ यह वर्ल्ड कप उनका 'लास्ट डांस' (आखिरी विदाई) है। वह आज ही अलविदा नहीं कह रहे हैं, लेकिन यह जल्द ही होगा। उनके खेल को एन्जॉय करें, क्योंकि उनके जैसा खिलाड़ी फिर मिलना बहुत मुश्किल है।' जब उनसे 1,000 करियर गोल के बाद संन्यास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि वह सिर्फ पुर्तगाल की नेशनल टीम से रिटायरमेंट की बात कर रही हैं।

क्रोएशिया के खिलाफ रचा नया इतिहास

अगर यह सच में रोनाल्डो का आखिरी वर्ल्ड कप है, तो वह इसे यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। क्रोएशिया (Croatia) के खिलाफ पुर्तगाल ने 2-1 से रोमांचक जीत दर्ज की, जिसमें सब्स्टिट्यूट गोंकालो रामोस ने विनिंग गोल दागा। इस मैच में 41 वर्षीय रोनाल्डो ने पेनल्टी से गोल किया और फीफा वर्ल्ड कप नॉकआउट स्टेज के इतिहास में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी (41 साल 147 दिन) बन गए। उन्होंने इस मामले में लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके अलावा, वह वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच की शुरुआत करने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी भी बन गए।

हालांकि, यह बताना जरूरी है कि पुर्तगाल की टीम या मैनेजमेंट की तरफ से अभी तक रोनाल्डो के रिटायरमेंट को लेकर कोई भी ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है।

आलोचकों को दिया करारा जवाब

टूर्नामेंट की शुरुआत में डीआर कॉन्गो (DR Congo) के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद रोनाल्डो की काफी आलोचना हुई थी। फॉर्म में वापसी के बाद रोनाल्डो ने उस वक्त को याद करते हुए कहा, 'वह हफ्ता बहुत मुश्किल और अंधेरा था। मुझे ऐसा लगा जैसे मैं पहले ही फुटबॉल से रिटायर हो चुका हूं, लेकिन मैं डटा रहा।' उनकी बहन कातिया ने भी आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि जो लोग फुटबॉल समझते हैं, वो रोनाल्डो को जरूर पसंद करते हैं। अब पुर्तगाल का सामना राउंड ऑफ 16 में स्पेन से होगा, और पूरी दुनिया की नजरें रोनाल्डो के इस ऐतिहासिक 'लास्ट डांस' पर टिकी होंगी।

Published on:
03 Jul 2026 11:18 am