फुटबॉल

FIFA 2026: नॉर्वे के खिलाफ मैच से पहले बढ़ीं इंग्लैंड की मुश्किलें, डेक्लान राइस के बाद मार्क गुएही भी हुए चोटिल, नहीं खेलेंगे क्वार्टर फाइनल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड की टेंशन बढ़ गई है। नॉर्वे के खिलाफ होने वाले अहम मैच में टीम के डिफेंडर मार्क गुएही का खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। वहीं, मिडफील्डर डेक्लान राइस भी बीमारी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
2 min read
Jul 10, 2026
FIFA 2026
क्वार्टर फाइनल में मार्क गुएही के खेलने पर संशय बरकरार (photo - FIFA)

England vs Norway quarterfinal, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच खेला जाएगा। रविवार को मियामी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले इंग्लैंड की टेंशन बढ़ गई है। मिडफील्डर डेक्लान राइस के बाद अब डिफेंडर मार्क गुएही भी चोटिल हो गए हैं और उनका खेलना मुश्किल नजर आ रहा है।

गुएही फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे

इससे पहले, टीम ने राउंड ऑफ 16 में मेक्सिको को 3-2 से हराकर अंतिम आठ का टिकट हासिल किया था। इसी मुकाबले के बाद गुएही को हल्की हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। शुक्रवार को गुएही फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे, जिसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि वह नॉर्वे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे या नहीं। राइस भी बीमारी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गुएही और डेक्लान राइस बुधवार को टीम के साथ ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए। दोनों खिलाड़ियों ने मैदान से अलग अपना रिकवरी और फिटनेस प्रोग्राम पूरा किया। अगर गुएही शुक्रवार को टीम के साथ अभ्यास नहीं कर पाते हैं, तो नॉर्वे के खिलाफ उनके खेलने की संभावना काफी कम हो सकती है।

डिफेंस में परेशानी खड़ी हो गई है।

दूसरी ओर, डेक्लान राइस भी बीमारी के कारण लगातार दूसरे दिन ट्रेनिंग से दूर रहे। इंग्लैंड की टीम को उम्मीद है कि वह समय पर फिट होकर क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इंग्लैंड के लिए डिफेंस में भी परेशानी खड़ी हो गई है। मेक्सिको के खिलाफ मुकाबले में जेरेल क्वांसाह को रेड कार्ड मिला था, जिसके कारण वह दो मैचों के लिए निलंबित हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में कोच थॉमस ट्यूशेल को टीम कॉम्बिनेशन को लेकर नए विकल्प तलाशने होंगे।

नॉर्वे के खिलाफ इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी चुनौती स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड होंगे। हालैंड इस वर्ल्ड कप में अब तक सात गोल कर चुके हैं और उनकी मौजूदगी इंग्लैंड के डिफेंस के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। इस बीच, अनुभवी खिलाड़ी जॉर्डन हेंडरसन भी चोट के बावजूद टीम के साथ बने हुए हैं। मेक्सिको के खिलाफ जीत का जश्न मनाते समय उनकी कलाई में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उनकी सफल सर्जरी हुई और वह इंग्लैंड के कैंप में वापस लौट आए हैं। इंग्लैंड फुटबॉल ने बताया कि हेंडरसन टीम होटल में आराम कर रहे हैं और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Updated on:
10 Jul 2026 04:10 pm
Published on:
10 Jul 2026 03:54 pm