फुटबॉल

FIFA 2018: 20 साल बाद फ्रांस ने जीता खिताब, फाइनल में क्रोएशिया को ऐसे दी मात

फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2018 पर कब्जा जमा लिया है। फाइनल में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 के अंतर से मात दी।
2 min read
fifa final
FIFA 2018: 20 साल बाद फ्रांस ने जीता खिताब, फाइनल में क्रोएशिया को ऐसे दी मात

नई दिल्ली। रूस में जारी 21वें फीफा विश्व कप का शोर अब थम चुका है। फाइनल मुकाबले में फ्रांस और क्रोएशिया के बीच हुई रोचक भिड़ंत में फ्रांस ने शानदार जीत दर्ज की। मॉस्को के लुज्निकी स्टेडियम में हुए इस मैच में जीत के साथ ही फ्रांस ने 20 साल बाद दूसरी बार फीफा विश्व चैंपियन बनने का रुतबा हासिल किया।

4-2 के अंतर से दी मात-

फ्रांस ने रविवार को यहां के लुज्निकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में क्रोएशिया को 4-2 से मात देकर फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया। फ्रांस दूसरी बार विश्व कप जीतने में सफल रहा है। इससे पहले उसने 1998 में अपने घर में पहला विश्व कप जीता था। वहीं अपने पहले विश्व कप के फाइनल में क्रोएशिया को हार मिली।

ऐसा रहा दोनों के बीच फाइनल मुकाबला-

मैच का पहला गोल आत्मघाती गोल रहा। क्रोएशिया के मारियो मांजुकिक अपने ही गोलपोस्ट में गेंद मार बैठे। इस गोल से फ्रांस ने 1-0 की बढ़त ले ली। यह गोल 18वें मिनट में हुआ। इवान पेरीसिच ने 28वें मिनट में गोल कर क्रोएशिया को 1-1 की बराबरी पर ला दिया था। हालांकि 38वें मिनट में फ्रांस को पेनाल्टी मिली जिसे उसके स्टार खिलाड़ी एंटोनी ग्रीजमैन ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। पहला हाफ फ्रांस के पक्ष में 2-1 से समाप्त हुआ।

पोग्बा ने किया शानदार गोल-

दूसरे हाफ में पॉल पोग्बा ने 59वें मिनट में बॉक्स के बाहर से गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 3-1 की बढ़त दिला दी। छह मिनट बाद कीलियन एमबाप्पे ने फ्रांस को 4-1 से आगे कर दिया। क्रोएशिया के मांजुकिक ने फ्रांस के गोलकीपर ह्यूगो लोरिस की गलती का फायदा उठाकर अपनी टीम के लिए दूसरा गोल किया। इसके बाद गोल नहीं हो सका और फ्रांस की टीम दूसरी बार विश्व विजेता बनने में सफल रही।

Published on:
15 Jul 2018 10:47 pm