फीफा अंडर 17 विश्व कप के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में घाना, अमरीका और पराग्वे की टीम ने शानदार जीत के साथ अपने सफर का आगाज किया।
नई दिल्ली। फीफा अंडर 17 विश्व कप के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में घाना, अमरीका और पराग्वे की टीम ने शानदार जीत के साथ अपने सफर का आगाज किया। जबकि न्यूजीलैंड और तुर्की के बीच खेला गया मैच ने 1-1 के स्कोर के साथ ड्रा पर छुटा। पहले दिन ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में दो-दो मैच खेले गए। ग्रुप ए के मैच राष्ट्रीय राजधानी के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए जबकि ग्रुप-बी के मैच नवी मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए।
घाना ने कोलंबिया को 1-0 दी मात
राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में घाना ने कोलंबिया को 1-0 के अंतर से मात दी। इस मैच में एक मात्र खिलाड़ी गोल करने में कामयाब हो सके। मैच के हीरो घाना के सादिक इब्राहिम रहे। सादिक के 39वें मिनट में किए गए गोल की दम पर घाना की टीम ने जीत हासिल की।
न्यूजीलैंड और तुर्की के बीच मैच रहा ड्रा
वर्ल्ड कप के पहले मैच में जिस समय घाना और कोलंबिया की भिड़त दिल्ली में हो रही थी, उसी समय न्यूजीलैंड और तुर्की की टीम मुंबई में आमने-सामने थी। मायानगरी में खेला गया यह मैच काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमें शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में लगे रहे। न्यूजीलैंड की टीम को पहेल हाफ में गोल करने का एक शानदार मौका भी हाथ लगा। लेकिन कोलंबिया के गोलकीपर ने सुंदर बचाव करते हुए गोल की कोशिश को नाकाम कर दिया। मुकाबले में तुर्की ने पहले हाफ में अहमद कुटुचु के गोल के दम पर 18वें मिनट में 1-0 से बढ़त ले ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में मैक्स माटा ने 58वें मिनट में गोल कर किवी टीम की बराबरी करा दी। इसके बाद कोई गोल नहीं हो सका और मैच ड्रॉ रहा।
पराग्वे ने माली को 3-2 से हराया
ग्रुप-बी के दूसरे मैच में पराग्वे ने माली को 3-2 से हराते हुए विजयी आगाज किया है। पराग्वे के लिए एंटोनियो गालेआनो ने 12वें मिनट, लियोनाडरे सांचेज ने 17वें मिनट में एलान रोड्रीगेज ने 55वें मिनट में गोल किए। माली के लिए हादजी ड्रामे ने 20वें मिनट में और लासाने न्डीआये ने 34वें मिनट में गोल किए।
पहले मुकाबले में भारतीय टीम को मिली हार
फीफा विश्व कप में भाग ले रही भारतीय टीम को अपने पहले मैच में अमरीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। मजबूत अमरीका के सामने भारतीय फुटबालर ने गोल करने की हरसभंव कोशिश की। लेकिन वे कोशिशों को गोल में तब्दील न कर सके। टीम इंडिया ने इस मैच में हारने के बावजूद अपने हार न मानने वाले जज्बे से दर्शकों का दिल जीता। इसी के साथ इतिहास के पन्नों में अपना नाम भी दर्ज करा लिया जो अब किसी फीफा टूर्नामेंट में भाग लेने वाली पहली भारतीय टीम बन गई है. मुकाबले में अमरीका की ओर से कप्तान जोस सार्जेंट ने पेनल्टी पर 31वें मिनट, क्रिस डुरकिन ने 52वें मिनट और एंड्रयू कार्लटन ने 84वें मिनट में गोल किये. भारतीय फुटबालर एक भी गोल कर पाने में सफल नहीं हो सके।
प्वाइंट टेबल का ये है हाल
ग्रुप-ए में पहले स्थान पर अमेरिका ने कब्जा जमा लिया है जबकि घाना दूसरे स्थान पर है। अमेरिका और घाना दोनों के तीन-तीन अंक हैं लेकिन गोल अंतर के कारण अमेरिका पहले स्थान पर है। कोलंबिया तीसरे और भारत चौथे स्थान पर है। ग्रुप-बी में पराग्वे तीन अंकों के साथ पहले स्थान पर है जबकि तुर्की को दूसरा स्थान मिला है। किवी टीम तीसरे स्थान पर है। माली ग्रुप में सबसे नीचे चौथे स्थान पर है।