
नई दिलली। फीफा अंडर 17 वर्ल्ड कप का आज दूसरा दिन है। आज के मुकाबलों में जर्मनी की टीम कोस्टा रिका के साथ, कोरिया डीपीआर की टीम नाईजर के साथ मैच खेलेगी। जबकि पूर्व चैपिंयन ब्राजील का सामना स्पेन से और ईरान का सामना गिनी से होगा। आज खेले जाने मुकाबलों में ब्राजील और जर्मनी के मैच पर सबकी खास नजर होगी। लिहाजा यह देखना दिलचस्प होगा कि जूनियर फुटबाल के महाकुंभ में ये दोनों टीमें अपने सफर का आगाज किस तरीके से करती है।
जर्मनी के सामने कोस्टारिका की चुनौती
इस खिताब को अबतक जीतने में नाकाम रही जर्मनी की टीम अपने सफर का आगाज कोस्टारिका के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच में जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में शाम पांच बजे से मुकाबला होना है। जर्मनी और कोस्टारिका दोनों टीमें 10वीं बार इस टूर्नामेंट में उतर रहे है। हालांकि खिताब से दोनों की दूरी अब तक बनी हुई है। जर्मनी की टीम खिताब की प्रबल दावेदार बताई जा रही है। उधर कोस्टारिका की टीम भी काफी मजबूत है। कोस्टारिका की टीम पांच बार इस महासमर के क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया है।
ब्राजील और स्पेन में होगी काटों की टक्कर
शनिवार के दूसरे मुकाबले में ब्राजील का सामना स्पेन से होगा। इसे आज का सबसे बड़ा मुकाबला माना जा रहा है। फुटबॉल का पावरहाऊस माना जाने वाला ब्राजील अब तक तीन बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की चैंपियन रह चुकी है। दूसरी और स्पेन की टीम भी दमदार है। स्पेन तीन बार फीफा विश्व कप का उपविजेता रह चुका है। इस बार के खिताबी रेस स्पेन की टीम को भी माना जा रहा है।
गिनी और ईरान में महामुकाबला
आज खेले जाने वाले ग्रुप सी के मैच में गिनी का सामना ईरान से होगा। ईरान को एशिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक माना जाता है। ईरान की टीम चौथी बार फीफा विश्व कप में क्वालिफाई करने में कामयाबी हासिल पाई है। दूसरी तरफ गिनी की टीम का यह पांचवां प्रयास है। दोनों टीमों की कोशिश जीत के साथ अपने सफर को शुरू करने की है।
नाइजर का फीफा में पहला मुकाबला
मेजबान भारत की तरह ही नाइजर की टीम भी पहली बार फीफा अंडर 17 विश्व कप में हिस्सा ले रही है। नाइजर की टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन की दम पर इसमें क्वालिफाई करने में कामयाबी हासिल की है। नाइजर की टीम अपने पहले मुकाबले में उत्तर कोरिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।