फुटबॉल

FIFA World Cup 2026 Final: क्या दोहराएगा अर्जेंटीना इतिहास? जानिए किन संकेतों से बन रहा है वर्ल्ड कप जीतने का संयोग

FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होगा। यह मुकाबला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।
2 min read
Jul 18, 2026
Lionel Messi 2026 World Cup, Why Messi did not retire, Messi Inter Miami stats, Argentina squad World Cup 2026
लियोनल मेसी (Photo - FIFA)

FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन के बीच होगा। फाइनल से पहले कई ऐसे संयोग सामने आ रहे हैं, जिनकी वजह से अर्जेंटीना के लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने की चर्चा तेज हो गई है।

इन संकेतों से बन रहा अर्जेंटीना के जीतने का संयोग

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल से पहले कुछ दिलचस्प संयोग भी अर्जेंटीना के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। साल 2026 में कई बड़े खेल टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन अपनी बादशाहत बरकरार रखने में सफल रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाद साल 2026 में विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चैंपियंस का खिताब अपने नाम किया, जबकि भारत ने साल 2024 के बाद 2026 में लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता। वहीं टेनिस में जानिक सिनर ने 2025 और 2026 दोनों बार विंबलडन का खिताब जीता। इसके अलावा फुटबॉल की दुनिया में ही पेरिस सेंट जर्मन (PSG) ने लगातार दो UEFA चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम किया। उसने 2024-25 और 2025-26 में ट्रॉफी उठाई।

ऐसे में सोशल मीडिया पर फैंस का मानना है कि साल 2026 'डिफेंडिंग चैंपियंस' का साल साबित हो रहा है। इसी वजह से अब चर्चा है कि क्या मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना भी इस संयोग को आगे बढ़ाते हुए स्पेन को हराकर लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर सकती है। हालांकि यह सिर्फ एक दिलचस्प संयोग है। असली फैसला 19 जुलाई को मैदान पर दोनों टीमों के परफॉरमेंस से होगा।

अर्जेंटीना जीती तो ये रिकॉर्ड भी उनके नाम

सबसे बड़ा संयोग यह है कि अर्जेंटीना ने 2022 में कतर के लुसैल स्टेडियम में वर्ल्ड कप जीता था और अब चार साल बाद उसके पास लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का मौका है। अगर टीम खिताब जीतती है, तो वह 1962 के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिर्फ ब्राजील के नाम है।

अर्जेंटीना की कप्तानी एक बार फिर लियोनल मेसी कर रहे हैं। टीम मौजूदा दक्षिण अमेरिकी चैंपियन भी है। पूरे टूर्नामेंट में अर्जेंटीना ने कई मुकाबलों में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की है। इसी वजह से उसे इस वर्ल्ड कप की कमबैक टीम भी कहा जा रहा है।

हालांकि फाइनल में स्पेन को फेवरेट माना जा रहा है। स्पेन टूर्नामेंट की शुरुआत दुनिया की नंबर-1 टीम के रूप में करने उतरा था। सेमीफाइनल में उसने दमदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराया और अपने खिताबी इरादे साफ कर दिए। इससे पहले स्पेन का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा था, लेकिन फ्रांस पर जीत के बाद टीम पूरे आत्मविश्वास में नजर आ रही है।

स्पेन के ताकत उसी की…

स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसकी संतुलित टीम है। पूरे टूर्नामेंट में उसकी कोई बड़ी कमजोरी सामने नहीं आई। यही वजह है कि फुटबॉल एक्सपर्ट्स उसे फाइनल का मजबूत दावेदार मान रहे हैं। दूसरी ओर, अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। टीम ने एक बार फिर दबाव में शानदार वापसी की और जीत हासिल की। अब सबकी नजर 19 जुलाई के फाइनल पर है। क्या अर्जेंटीना इतिहास दोहराकर लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीत पाएगा? इसका जवाब न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले में मिलेगा।

Updated on:
18 Jul 2026 11:53 am
Published on:
18 Jul 2026 11:53 am