फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: सेमीफाइनल की हार भूलकर तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे फ्रांस-इंग्लैंड, जानें कब और कहां देखें लाइव

FIFA World Cup 2026, France vs England: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे स्थान (Bronze Medal) के लिए मियामी के 'हार्ड रॉक स्टेडियम' में फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें टकराएंगी। सेमीफाइनल की हार के बाद दोनों टीमों की नजरें अब सम्मान की लड़ाई पर हैं। जानिए मैच प्रेडिक्शन और लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल।
3 min read
Jul 18, 2026
Kylian Mbappe
कीलियन एम्बापे (फोटो- IANS)

FIFA World Cup 2026, France vs England: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में दिल टूटने के बाद, अब फ्रांस और इंग्लैंड की टीमें तीसरे स्थान (ब्रॉन्ज मेडल) के लिए आमने-सामने होंगी। यह महामुकाबला रविवार, 19 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 2:30 बजे से अमेरिका के मियामी गार्डन्स स्थित 'हार्ड रॉक स्टेडियम' (Miami Stadium) में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को स्पेन ने 2-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया, जिससे फ्रांस का तीसरा वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया। हार के बाद कप्तान किलियन एम्बापे ने निराशा जताते हुए कहा कि मैदान पर उनकी रणनीति काम नहीं कर पाई। उनका प्लान स्पेन को वन-टू-वन गेम में उलझाने का था, लेकिन स्पेनिश टीम ने गेंद पर अपना कंट्रोल बनाए रखा और फ्रांस को मौके नहीं दिए।

दूसरी तरफ, इंग्लैंड का दिल दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ बेहद ड्रामेटिक अंदाज में टूटा। मैच के 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन ने शानदार गोल दागकर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी थी और ऐसा लग रहा था कि थॉमस ट्यूशेल की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन अर्जेंटीना ने लियोनल मेसी के दो असिस्ट्स की बदौलत कमाल की वापसी की। पहले 85वें मिनट में एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल किया और फिर 91वें मिनट (इंजरी टाइम) में लौतारो मार्टिनेज ने गोल दागकर इंग्लैंड को 2-1 से हराकर उसका 60 साल बाद वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ दिया।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

ऐतिहासिक रूप से दोनों टीमों के बीच कुल 32 मुकाबले हुए हैं, जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। इंग्लैंड ने 17 और फ्रांस ने 10 मैच जीते हैं, जबकि 5 मैच ड्रॉ रहे। इस दौरान इंग्लैंड ने 66 गोल और फ्रांस ने 41 गोल दागे हैं। वर्ल्ड कप इतिहास में इंग्लैंड 2-1 से आगे है, लेकिन हालिया फॉर्म फ्रांस के पक्ष में है, जिसने पिछले 7 में से 5 मुकाबले जीते हैं। 2022 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में भी फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 से मात दी थी।

मैच प्रेडिक्शन और रणनीतियां

यह मुकाबला फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का 14 साल के कार्यकाल के बाद आखिरी मैच होगा, जबकि कोच थॉमस ट्यूशेल इंग्लैंड को एक सम्मानजनक विदाई देना चाहेंगे। एक्सपर्ट्स और डेटा मॉडल्स इस मैच में फ्रांस को जीत का बड़ा दावेदार मान रहे हैं। अलग-अलग रिपोर्ट्स के अनुसार देखें तो, किसी ने कहा, फ्रांस की जीत की संभावना 50.7% है, जबकि इंग्लैंड की सिर्फ 25.6%। एक रिपोर्ट ने फ्रांस की 3-1 से जीत की भविष्यवाणी की है, वहीं एक रिपोर्ट का मानना है कि इंग्लैंड की थकान के कारण इस मैच में 3.5 से ज्यादा गोल देखने को मिल सकते हैं। फ्रांस की रणनीति एम्बापे को इंग्लैंड के राइट-बैक के खिलाफ वन-टू-वन स्थिति में लाने की होगी, जबकि एंटोनी ग्रीजमैन मिडफील्ड से खेल को चलाएंगे। वहीं इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी केन थोड़े गहरे खेलेंगे ताकि जूड बेलिंगहम और बुकायो साका के लिए खाली स्पेस बनाया जा सके।

गोल्डन बूट की पर्सनल जंग

इस मैच में खिलाड़ियों की पर्सनल मोटिवेशन भी देखने को मिलेगी। किलियन एम्बापे 8 गोल्स के साथ लियोनल मेसी के साथ गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। वहीं इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंगहम 6-6 गोल्स के साथ दो गोल पीछे हैं। स्पोर्ट्स एक्सपर्ट्स का मानना है कि एम्बापे इंग्लैंड के थके हुए और रोटेटेड डिफेंस के खिलाफ गोल्डन बूट पक्का करने के इरादे से उतरेंगे, जबकि केन और बेलिंगहम के पास भी इस अवॉर्ड को जीतने का अच्छा मौका होगा।

लाइव कहां देखें?

भारत में इस मैच का लाइव टीवी प्रसारण Unite8 Sports और Unite8 Sports HD चैनलों पर किया जाएगा, जहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री उपलब्ध होगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैंस ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर स्टैंडर्ड सब्सक्रिप्शन के जरिए इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग का मजा ले सकते हैं।

Updated on:
18 Jul 2026 09:22 am
Published on:
18 Jul 2026 09:22 am