
South Africa vs South Korea: साउथ अफ्रीका ने बुधवार को एस्टाडियो मोंटेरे में साउथ कोरिया के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया है। दरअसल साउथ अफ्रीका ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। थापेलो मासेको ने मुकाबले में एक मात्र गोल 63वें मिनट में दागा, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने बढ़त बरकरार रखते हुए 3 अंक अर्जित किए।
साउथ कोरिया के खिलाफ इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार नॉकआउट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। साउथ अफ्रीका टीम की इस जीत के बाद उनके देश में जश्न का माहौल है।
वहीं इस हार के साथ साउथ कोरिया तीसरे स्थान पर रहा और उसके अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें अब बेहद कमजोर हो गई हैं। उसके खाते में अब तीन अंक हैं और नॉकआउट चरण में जगह बनाने के लिए उसे अन्य मैचों के कई परिणाम अपने पक्ष में जाने की जरूरत होगी। यहां बता दें कि थापेलो मासेको 22 साल और 225 दिन की उम्र में FIFA वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए गोल करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
साउथ कोरिया के लिए टूर्नामेंट में अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है। उनके पास अब भी सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में शामिल होकर अगले दौर में पहुंचने का मौका है। फिलहाल साउथ कोरिया तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों की रैंकिंग में चौथे स्थान पर है। उसे यह तय होने के लिए बाकी समूहों के परिणामों का इंतजार करना होगा कि वह शीर्ष आठ में बना रहता है या नहीं।
मौजूदा स्थिति के अनुसार, बोस्निया और हर्जेगोविना (चार अंक) निश्चित रूप से साउथ कोरिया से ऊपर रहेगा। वहीं स्कॉटलैंड खराब गोल अंतर (गोल डिफरेंस) के कारण साउथ कोरिया से नीचे ही समाप्त होगा। बाकी नौ टीमें अभी भी ऐसी स्थिति में हैं कि वे साउथ कोरिया से ऊपर स्थान हासिल कर सकती हैं।