
बेंगलुरु। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में शुक्रवार को अंक तालिका में पहले स्थान पर मजबूती से खड़ी बेंगलुरू एफसी का सामना एफसी पुणे सिटी से होगा। बेंगलुरू जहां अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुका है वहीं यह मैच जीतकर पुणे भी अगले दौर का टिकट कटाना चाहेगा। बेंगलुरु ने अबतक इस सीजन में अपना बेहतरीन प्रदर्शन बरकरार रखा है। टीम के कप्तान सुनील छेत्री के नेतृत्व में बेंगलुरु एफसी ने लगातार पांच मैच जीतते हुए क्वालीफाई किया है। उनका यह रिकॉर्ड निश्चित तौर पर उसे अपने विजयी क्रम को जारी रखने के लिए प्रेरित करेगा।
पुणे भी टक्कर की टीम -
पुणे एफसी की टीम भी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उसने पिछले पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की है। वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। वह बेंगलुरू से पांच अंक पीछे है। दोनों टीमों ने समान मैच खेले हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह हाई प्रोफाइल मैच टक्कर का होगा।
सुनील को पछाड़ने की कोशिश -
इस मैच में आक्रामक फुटबाल भी देखने को मिलेगी। दोनों टीमों ने मिलाकर 57 गोल किए हैं। लेकिन बेंगलुरू का दबदबा इतना है कि हार के बाद भी बेंगलुरू पहले स्थान से हाथ नहीं धोएगी। पुणे के मार्सेलिन्हो ने इस सीजन में अभी तक आठ गोल किए हैं। इस मैच में वह नौ गोल करने वाले बेंगलुरू के कप्तान सुनील छेत्री को पीछे छोड़ना चाहेंगे।
पिछले मैच में बुरी तरह पिटी थी पुणे-
सीजन चार में इन दोनों टीमों के बीच खेला गया पिछला मुकाबला बेंगलुरु के नाम रहा था। इस मैच में बेंगलुरु ने पुणे एफसी की टीम को 3-1 से मात दी थी। इस बार भी वह यही करना चाहेगी। जबकि पुणे की टीम पिछली हार का बदला चुकता करना चाहेगी। पुणे की टीम अगर ऐसा कर पाने में कामयाब होती है, तो उसके अगले दौर में जाना आसान हो जाएगा।