फुटबॉल

ISL-4 : जमशेदपुर और गोवा के बीच ‘करो या मरो’ वाला मुकाबला आज

गोवा और जमशेदपुर के बीच होने वाले इस अहम मुकाबले से प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम का फैसला होगा। गोवा को ड्रॉ जबकि जमशेदपुर को जीत की जरुरत है। 
2 min read
• •
Updated: 4 Mar 2018, 4:04 PM IST
isl

जमशेदपुर। जमशेदपुर एफसी और एफसी गोवा के बीच रविवार को होने वाला मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति वाला मैच है। इस मैच से ही हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला होगा। गोवा अगर इस मैच को ड्रॉ कराने में भी सफल होता है, तो वो सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगा। हालांकि, जमशेदपुर को सिर्फ जीत ही चाहिए होगी। अगर अपने घर जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में जमशेदपुर जीत जाती है, तो पहली बार लीग में खेलने वाली इस टीम के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी।

हमें आगे जाने के लिए चाहिए जीत - स्टीव कोपेल
जमशेदपुर के कोच स्टीव कोपेल ने शनिवार को मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कि यह अजीब तरह की स्थिति है, लेकिन मैं इस बात से खुश हूं कि हमें आगे जाने के लिए सिर्फ जीत चाहिए, इसे लेकर हमारे दिमाग में किसी तरह की शंका नहीं है। अगर ऐसा होता की हमें सेमीफाइनल में जाने के लिए ड्रॉ भी काफी होता, तो फिर यह कहा जाता कि हम अपने आप को बचाने के लिए खेल रहे थे और मैं यह समझता की यह बात हम पर लागू नहीं होती। इस परिणाम का मतलब है कि हमारे दिमाग में सिर्फ एक ही लक्ष्य है और खेलने का एक ही तरीका। हमें क्वालीफाई करने के लिए सिर्फ जीतना है।

गोल पोस्ट के सामने बेहतर करने की जरुरत- कोपेल
इंग्लैंड निवासी कोपेल को अपनी टीम की जीत पर किसी तरह का संशय नहीं है। दोनों टीमों के बीच गोवा में हुए पिछले मैच में मेजबान टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। कोपेल ने कहा कि क्या हमें गोलपोस्ट के सामने बेहतर करने की जरूरत है? बेशक हां, पूरे सीजन यह हमारे लिए एक मुद्दा रहा है। गोल के सामने ज्यादा काबिलियत और ज्यादा ताकत से खेलना। यह स्ट्राइकर की गलती नहीं है बल्कि पूरी टीम की जिम्मेदारी है कि वो मौके बनाएं और गोल करें और हमें कल इस बात में सुधार करना होगा।

शानदार फॉर्म में है गोवा की टीम -
गोवा अपने शानदार फॉर्म में लौट आई है। उन्होंने अपने पिछले दो मैचों में नौ गोल किए हैं। घर से बाहर खेलते हुए उसने पुणे को 4-0 से हराया और इसके बाद घर में एटीके को 5-1 से मात दी। 2014 में शुरू हुई इस लीग में गोवा ने एटीके को इससे पहले कभी मात नहीं दी थी। गोवा के कोच सर्जियो लोबेरा ने कहा कि मैं जानता हूं कि हमारे लिए ड्रॉ ही काफी है, लेकिन अगर हम ड्रॉ के लिए खेलेंगे तो हार जाएंगे। इसलिए हमारी कोशिश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करने की होगी। अगर गोवा जीत जाती है तो वह लीग दौर का अंत दूसरे स्थान के साथ करेगी।

Published on: