
FIFA World Cup 2026, Vinicius Junior World Cup Record: ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नया इतिहास रच दिया। मियामी गार्डन्स के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी मुकाबले में ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराया। इस मैच में विनिसियस ने दो गोल किए। इन दो गोलों के साथ विनिसियस वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज के तीनों मैचों में गोल करने वाले 24 साल बाद पहले ब्राजीली खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2002 वर्ल्ड कप में रोनाल्डो और रिवाल्डो ने बनाया था।
अब विनिसियस ब्राजील के उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट (सूची) में शामिल हो गए हैं जिन्होंने एक ही वर्ल्ड कप के तीनों ग्रुप मैचों में गोल किया है। इस सूची में जायरजिन्हो (1970), रोमारियो (1994), रोनाल्डो (2002) और रिवाल्डो (2002) पहले से शामिल हैं।
ब्राजील ने मैच की शुरुआत से ही दबाब बनाया। सातवें मिनट में स्कॉटलैंड के डिफेंडर स्कॉट मैकेना की गलती का फायदा उठाकर विनिसियस ने पहला गोल किया। पहले हाफ में उनका एक और गोल VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) की वजह से रद्द हो गया। हालांकि ज्यादा समय में उन्होंने शानदार हेडर लगाकर अपना दूसरा गोल कर दिया और ब्राजील को 2-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ के 60वें मिनट में मैथियस कुन्हा ने तीसरा गोल कर ब्राजील की जीत पक्की कर दी। वहीं, स्टार खिलाड़ी नेमार ने भी चोट से वापसी करते हुए दूसरे हाफ में मैदान पर कदम रखा। यह चार साल बाद वर्ल्ड कप में उनका पहला मैच था।
ब्राजील ने ग्रुप स्टेज में एक ड्रॉ और लगातार दो जीत के साथ सात अंक हासिल किए और ग्रुप-सी की टेबल में सबसे टॉप पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई। विनिसियस ने तीन मैचों में चार गोल और एक असिस्ट किया है। वह अब गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बन गए हैं। फिलहाल लियोनेल मेसी पांच गोल के साथ सबसे आगे हैं, जबकि विनिसियस चार गोल के साथ किलियन एम्बाप्पे और एरलिंग हालैंड की बराबरी पर हैं।