
नई दिल्ली। चैम्पियंस लीग की सफलतम क्लबों में शुमार स्पेन की रियल मेड्रिड से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। क्लब के कोच और अपने समय से दिग्गज फुटबॉलर रहे जिनेदिन जिदान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि हाल ही में रियल मेड्रिड ने तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। ये जीत टीम को जिदान की कोचिंग में ही मिली थी। लेकिन इतनी बड़ी कामयाबी के बाद आज जिदान ने अचानक इस्तीफा देते हुए सबको हैरान कर दिया। इस्तीफा देने का फैसला लेने के बाद जिनेदिन जिदान ने कहा कि क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है। जिदान ने गुरुवार को घोषणा करते हुए कहा कि क्लब में बदलाव की जरूरत है और इसीलिए, उन्होंने यह फैसला लिया।
लीवरपूल को हरा कर जीता था खिताब-
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग का खिताब दिलाने वाले फ्रेंच कोच जिदान पहले ऐसे कोच बन गए जिनके मार्गदर्शन में क्लब ने लगातार तीन बार लीग खिताब जीता। पिछले शनिवार को खेले गए मैच में रियल ने लीवरपूल को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग खिताब जीता था।
क्या कहा जिनेदिन जिदान ने -
फ्रांस के 45 वर्षीय निवासी जिदान ने कहा कि मुझे इस क्लब से प्यार है। मेरा यह मानना है कि इस टीम को जीत की राह पर अपना सफर बरकरार रखना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि इसे बदलाव की जरूरत है। जिदान ने कहा कि इस क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है, एक नई पद्धति की जरूरत है और इसीलिए, मैंने यह फैसला लिया है।
फरवरी में ही दे दिया था संकेत -
उल्लेखनीय है कि इस साल फरवरी में एक बयान में जिदान ने कहा था कि अगर उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी ओर से क्लब को और कुछ देने की जरूरत नहीं है, तो वह कोच पद से अलग हो जाएंगे। जिदान ने कहा कि मुझे पता है कि इस प्रकार के फैसले लेने का यह पल अजीब है, लेकिन यह जरूरी था। मुझे सबके लिए यह करना ही था।