
नई दिल्ली: स्मार्टफोन में स्टोरेज की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनियां भी ज्यादा से ज्यादा स्टोरेज वाला हैंडसेट पेश कर रही हैं। मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) 2019 के दौरान एसडी असोसिएशन ने स्मार्टफोन्स के लिए ज्यादा स्टोरेज वाला मेमरी कार्ड लॉन्च किया है। इनमें micron और sandisk शामिल हैं। दोनों ही कंपनी ने इस इवेंट के दौरान 1 टीबी स्टोरेज वाला एसडी कार्ड पेश किया है।
Sandisk ने 1 टीबी स्टोरेज वाला एसडी कार्ड पेश किया है। इस एसडी कार्ड को लेकर कंपनी का दावा है कि इसमें 160 एमबीपीएस तक की रीड स्पीड और 90 एमबीपीएस तक की राइट स्पीड दी गई है। साथ ही Micron ने भी अपने 1 टीबी स्टोरेज वाले कार्ड को लेकर दावा किया है कि इसमें 100एमबीपीएस की रीड स्पीड और 95 एमबीपीएस की राइट स्पीड दी गई है।
MWC 2019 में कई स्मार्टफोन्स को ज्यादा रैम और स्टोरेज के साथ पेश किया गया है। इनमें लॉन्च हुए Samsung के फ्लैगशिप स्मार्टफोन Galaxy S10 Plus में यूजर्स स्टोरेज को 1 टीबी तक एक्सपेंड कर सकते हैं। इन माइक्रोएसडी कार्ड के कीमत की बात करें तो Sandisk के 1 टीबी स्टोरेज वाले कार्ड की कीमत 450 डॉलर यानी करीब 31,300 रुपये है। कंपनी ने 1 टीबी के अलावा 512 जीबी स्टोरेज का भी कार्ड पेश किया है, जिसकी कीमत 199.99 डॉलर करीब14,000 रुपये रखी गई है। इन दोनों कार्ड के लिए प्री-ऑर्डर की शुरुआत हो चुकी है और यह अप्रैल में मार्केट में उपलब्ध होगा। वहीं, Micron ने अपने एसडीकार्ड के कीमत की जानकारी अभी नहीं दी है।