गरियाबंद

Gariaband Crime: 30 से ज्यादा शिकायतें और फिर सेटलमेंट! सरपंच-सचिवों से वसूली के आरोप में कांग्रेस नेता पर FIR

CG Politics: गरियाबंद में कांग्रेस नेता हाफिज खान पर CM पोर्टल की शिकायत वापस लेने के बदले सरपंचों और पंचायत सचिवों से पैसे मांगने का आरोप लगा है। पंचायत सचिव की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 308(2) के तहत FIR दर्ज की है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 4:30 PM IST
Gariaband Crime
Gariaband Crime: 30 से ज्यादा शिकायतें और फिर सेटलमेंट!(photo-patrika))

Gariaband Crime: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कांग्रेस नेता हाफिज खान उर्फ पिंटू के खिलाफ सरपंचों और पंचायत सचिवों से कथित तौर पर पैसे मांगने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि वह पंचायतों में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री जनशिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराता था और फिर शिकायत वापस लेने के एवज में सरपंच-सचिवों से रकम की मांग करता था। कसाबाय पंचायत के सचिव घनश्याम नेताम की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

Chhattisgarh News: शिकायत वापस लेने के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप

पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता घनश्याम नेताम ने पंचायत के कामकाज को लेकर CM पोर्टल 1076 पर शिकायत की थी। आरोप है कि कांग्रेस नेता हाफिज खान ने उनसे शिकायत वापस लेने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, 16 नवंबर को मालगांव स्थित उनकी टेंट दुकान में मुलाकात के दौरान भी आरोपी ने पैसे देने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान शिकायत वापस नहीं लेने पर परेशान करने और काम नहीं करने देने की बात कही गई।

CM पोर्टल पर 30 से ज्यादा शिकायतें दर्ज कराने का दावा

मामले में आरोप लगाया गया है कि हाफिज खान अब तक CM पोर्टल पर 30 से ज्यादा शिकायतें दर्ज करा चुका है। इनमें ज्यादातर शिकायतें पंचायतों के कामकाज और कथित अनियमितताओं से जुड़ी थीं। आरोप है कि कुछ मामलों में शिकायत के बाद आपसी समझौता कर ओटीपी के जरिए शिकायतें वापस ली गईं और मामले रफा-दफा कर दिए गए। वहीं, कुछ पंचायतों के सरपंचों ने कथित तौर पर इस तरह की गतिविधियों पर आपत्ति जताई थी। बताया गया है कि संबंधित लोगों ने सामूहिक हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग भी की थी।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध, गिरफ्तारी को लेकर कही ये बात

कसाबाय पंचायत सचिव घनश्याम नेताम की शिकायत पर गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने हाफिज खान के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। कोतवाली थाना प्रभारी गुणेश्वरी नरेटी ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात भी कही है। मामले की पुष्टि SDOP गरिमा दादर ने भी की है। उन्होंने कहा कि प्रकरण में उचित कार्रवाई की जाएगी।

तीन-चार महीने पहले संगठन के दायित्व से हटाए गए थे हाफिज खान

मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के संगठन एवं प्रशासन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि हाफिज खान को करीब तीन-चार महीने पहले ही संगठन के दायित्व से हटा दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी उनके संबंध में कुछ शिकायतें मिल रही थीं।

मलकीत सिंह गेंदू के मुताबिक, वह पार्टी कार्यालय पहुंचकर संबंधित रिकॉर्ड देखेंगे और इसके बाद मामले में विस्तृत जानकारी देंगे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
29 Nov 2026, 4:30 PM IST
Published on: