गाज़ियाबाद

AC सर्विस सेंटर में आग का तांडव: जिंदा जल गया बुजुर्ग, 12 गाड़ियां भी खाक, कंपा देगा हादसे का मंजर

गाजियाबाद में AC सर्विस सेंटर में भीषण आग (Fire in AC service centre) लगने से बड़ा नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग जिंदा जल गया (Old man burnt alive) और 12 गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं।
2 min read
AC service centre Fire
AC सर्विस सेंटर में भीषण आग (Image: Video screenshot)

AC Service Centre Fire: गाजियाबाद के पटेलनगर ने आग का तांडव देखने को मिला है। यहां एक AC सर्विस सेंटर में आग लगने से बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई है और कई गाड़ियां एवं अन्य सामान जलकर खाक हो गया है। सर्विस सेंटर में आग लगने से AC कंप्रेसर में लगातार कई बार धमाका हुआ। इसके बाद 3 मंजिला बिल्डिंग में आग फैल गई।

80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, 12 गाड़ियां जलीं

पटेलनगर थाना क्षेत्र में AC सर्विस सेंटर में लगी आग में 80 वर्षीय बुजुर्ग कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस हादसे में 12 गाड़ियां भी जलकर खाक हो गई हैं। जान गंवाने वाले बुजुर्ग की पहचान त्रिलोकीनाथ के रूप में हुई है। त्रिलोकीनाथ हर दिन की तरह सर्विस सेंटर में रात की ड्यूटी पर थे। त्रिलोकीनाथ सर्विस सेंटर की रखवाली करते थे।

हादसे के समय त्रिलोकीनाथ सो रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज हुई और भयानक आग लग गई। इसके बाद देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आसपास के लोग बाहर निकले तो देखा कि दुकान से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठ रही थीं। चारों तरफ घना धुआं फैला हुआ था। बीच-बीच में गैस सिलेंडर और एसी कम्प्रेसर फटने की आवाजें आ रही थीं।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई

पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर से फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। CFO राहुल पाल ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंदर घना धुआं और तेज लपटों के कारण ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई।

बिल्डिंग के अंदर घुसकर देखा तो कई एसी पूरी तरह जल चुके थे। थोड़ी दूर पर 80 वर्षीय त्रिलोकीनाथ का बुरी तरह झुलसा हुआ शव मिला। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार पानी की बौछारें की आग बुझाई। आग की चपेट में आने से बिल्डिंग के नीचे खड़ी 2 कार और 10 बाइकों सहित कुल 12 वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना

पुलिस ने बताया की आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक पर रखवाली की उचित व्यवस्था न करने का आरोप लगाया है।

Published on:
09 May 2026 03:09 pm