
गाजियाबाद। कांग्रेस (Congress) ने मंगलवार को कई जिलाें और शहरों के अध्यक्ष घोषित किए हैं। इस दौरान पत्रिका संवाददाता ने कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राजीव त्यागी से खास बातचीत की। राजीव त्यागी ने बताया कि पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने 47 जिलों के अध्यक्षों का नाम घोषित कर दिया है। साथ ही 4 शहर कमेटियां भी घोषित की गई हैं।
जातीय समीकरण को साधा
इस बार नौजवान युवाओं के साथ ही अनुभवी नेताओं को भी पार्टी ने कमान सौंपी है। जिला और शहर अध्यक्षों की उम्र में संतुलन बनाया गया है। कांग्रेस को सभी जगह मजबूत किए जाने के उद्देश्य से जिला और शहर अध्यक्षों के जरिये जातीय समीकरण साधा गया है। जिला और शहर अध्यक्षों के कुल 51 नाम घोषित किए गए हैं। इसमें 14 फीसदी दलित, 33 फीसदी पिछड़ी जातियों, 35 फीसदी सवर्ण और 18 फीसदी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को शामिल किया गया है। इसमें महिलाओं को भी प्रमुखता मिली है। उनकी भागीदारी लगभग 10 फीसदी है।
प्रियंका गांधी ने लिया इंटरव्यू
पिछले करीब चार माह से कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) और छह राष्ट्रीय सचिव की टीम ने जिलों में जाकर संभावित अध्यक्षों की सूची तैयार की है। उसके बाद प्रियंका गांधी ने उनका इंटरव्यू लिया। इसके बाद ये नाम घोषित हुए हैं।
आदिवासी नौजवान हैं रामराज गोंड
राजीव त्यागी ने बताया कि सूची में सोनभद्र (Sonbhadra) के नए जिलाध्यक्ष का नाम काफी खास है। वह एक आदिवासी नौजवान रामराज गोंड हैं। रामराज गोंड ने बीए तक पढ़ाई की है। पढ़ाई के साथ ही वह आदिवासी समाज की लड़ाई लड़ते रहे हैं। इसकी कीमत भी उनको चुकानी पड़ी। उनके खिलाफ भाजपा सरकार ने गुंडा एक्ट जैसा संगीन मुकदमा भी दर्ज किया था। रामराज गोंड उभ्भा गांव के ही रहने वाले भी हैं।
पिछले दिनों काफी चर्चा में रहा उभ्भा गांव
सोनभद्र का उभ्भा गांव पिछले दिनों काफी चर्चा में रहा। उभ्भा में निर्दोष आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करने के लिए नरसंहार हुआ था। इस उत्पीड़न और दमन के खिलाफ प्रियंका गांधी सोनभद्र जा रही थीं लेकिन उनको उत्तर प्रदेश सरकार ने रोक दिया। सरकार ने उन्हें वाराणसी में गिरफ्तार करके चुनार के किले में नजरबंद कर दिया। यहीं पर उनकी नजर रामराज गोंड पर पड़ी थी। रामराज गोंड पीड़ित परिवारों के साथ प्रियंका गांधी से मिलने पहुंचे थे।
उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक आदिवासी आबादी वाला जिला है सोनभद्र
सोनभद्र उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक आदिवासी आबादी वाला जिला है। आदिवासियों में गोंड, कोल, बियार, खरवार प्रमुख जातियां हैं। रामराज गोंड आदिवासी हैं। उनके पिता बहादुर गोंड उभ्भा गांव के प्रधान रहे हैं। कांग्रेस से बहादुर गोंड का पुराना नाता है। वे घोरावल ब्लाॅक की कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं।
भाजपा को उखाड़ फेंकेगी कांग्रेस
राजीव त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अनुभव और युवा जोश काे मिलाकर कांग्रेस को एक नई धार दी जाएगी। टीम प्रियंका उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में सत्य के लिए भिड़ेगी, लड़ेगी और जीतेगी। उत्तर प्रदेश में पार्टी सघन जनसंपर्क करके भारतीय जनता पार्टी (BJP) की झूठी निरंकुश और जुमलेबाज सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए नित नए कार्यक्रम लेकर आएगी।