गाज़ियाबाद

Ghaziabad Road Accident: कंटेनर की टक्कर से दो सगी बहनों की मौत, फुफेरा भाई गंभीर घायल

Ghaziabad Road Accident: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नाबालिग बहनों की जान चली गई, जबकि उनका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों बाइक से जा रहे थे, तभी एक कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी।
2 min read
Ghaziabad Road Accident
photo patrika

Ghaziabad Road Accident: गाजियाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को सदमे में डाल दिया। वेव सिटी थाना क्षेत्र में कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दो नाबालिग बहनों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ जा रहा फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास हुआ। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी खतरनाक हुई कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरने के बाद बहुत दूर तक घिसटते हुए चले गए।

बाइक पर सवार थे तीन लोग

इस दर्दनाक हादसे में हापुड़ के नई मंडी मुरादपुर थाना कोतवाली देहात की रहने वाली 17 साल की आंशिका और उनकी 14 साल की छोटी बहन जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बाइक चला रहे दिल्ली के नफजगढ़ के रहने वाले उनकी बुआ के लड़के जिसका नाम अजय है, उनको गंभीर चोटें आईं हैं फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इलाज के दौरान दूसरी बहन की भी मौत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत डासना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने आंशिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल परी को बेहतर इलाज के लिए हापुड़ के रामा अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों बहनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, घायल अजय का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कंटेनर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में कंटेनर की पहचान कर ली गई है और अब पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालक को पकड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद दोनों बहनों के परिवार में मातम छा गया। एक साथ दो बेटियों को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।

Published on:
24 Jun 2026 02:58 pm