Ghaziabad news: गाजियाबाद के मोदीनगर में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। बदले की भावना से मार-पीट लड़ाई करने जैसी खबरें तो रोजाना आप तक पहुंचती ही होंगी, लेकिन क्या कभी ऐसी कोई खबर सुनी है जिसको सुनने के बाद आंखों से आंसू गिरने लगे या रोंगटे खड़े हो जाएं? गाजियाबाद के मोदीनगर में एक ऐसी ही घटना हुई है जिसको जानने के बाद हर किसी की आत्मा रो पड़ेगी।
Ghaziabad news: बचपन से हर बच्चे को सिखाया जाता है बड़ों का सम्मान करो, उनकी आज्ञा का पालन करो। ये संस्कार सबसे पहले माता-पिता ही अपने बच्चों को देते हैं। वे उन्हें सही-गलत का फर्क समझाते हैं, आदर और प्रेम का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन समय के साथ जैसे मानो सब कुछ बदल गया है। गाजियाबाद के मोदीनगर की घटना बदलते दौर की दर्दनाक मिसाल बनकर सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही माता-पिता पर सिर्फ इसलिए चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उन्होंने मकान उसके नाम नहीं किया।
यह घटना कई बड़े सवाल खड़े करती है, क्या माता-पिता से बढ़कर अब घर और संपत्ति हो गए हैं? क्या एक मकान की खातिर उन लोगों की जान लेने की कोशिश की जा सकती है, जिन्होंने जन्म दिया, पालन-पोषण किया और हर मुश्किल में साथ खड़े रहे? जिस मां ने ममता से सींचा, क्या उस पर वार करते वक्त एक पल के लिए भी उसका ख्याल नहीं आया होगा? जिस पिता ने दिन-रात मेहनत कर परिवार को संभाला, क्या उनके संघर्ष की याद भी नहीं आई?
आपको बता दें कि गाजियाबाद के मोदीनगर की यह घटना सोमवार देर रात की है। यहां एक बेटे ने घर उसके नाम नहीं करने पर मां-बाप पर जानलेवा हमला कर दिया। बेटा चाकू लेकर बुजुर्ग मां-बाप पर टूट पड़ा। दोनों को गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर रही है।
मोदीनगर की गोविंदपुरी कॉलोनी में 70 वर्षीय रमाशंकर अपनी पत्नी सुशीला देवी, बेटे मनोज और बहू किरण के साथ रहते हैं। आरोप है कि मनोज काफी समय से पिता पर मकान अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर चार दिन पहले भी घर में तीखा विवाद हुआ था। परेशान बुजुर्ग दंपति शिकायत लेकर गोविंदपुरी पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन इसे पारिवारिक मामला बताकर उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
सोमवार को भी बुजर्ग दंपति मारपीट की शिकायत लेकर मोदीनगर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस मंगलवार को कार्रवाई करने बात कहकर वापस भेज दिया। देर रात एक बजे पुत्र मनोज ने चाकू से अपने माता पिता पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुन आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले कोई तहरीर नहीं आई है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।