केंद्र की टीम के निरीक्षण के चलते सुबह चार बजे से सड़क पर पहुंच रहा नगर निगम स्टाफ
गाजियाबाद।महानगर गाजियाबाद को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। निगम की तऱफ से ओडीएफ (खुले में शौचमुक्त) की रिपोर्ट को केन्द्र सरकार को भेज दिया गया है। लेकिन इसे साबित करने में निगम के अधिकारियों के पसीने छूट रहे है। दरअसल केन्द्र सरकार की टीमें निरीक्षण के लिए गाजियाबाद पहुंची हुई है। इसके चलते नगर निगम के अधिकारियों की तरफ से सभी स्टाफ को अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है। टीमें सुबह चार बजे से सड़क पर निकलकर चैक कर रही है कि कहीं खुले में शौच तो नहीं की जा रही है। नगर आयुक्त की तऱफ से स्पष्ट किया हुआ है कि अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवार्इ की जाए।
निगम स्टाफ करेगा शौचालय के लिए प्रेरित
निगम के सूत्रों के मुताबिक यहां के हेल्थ,निर्माण,जलकल और दूसरे तमाम विभाग के स्टाफ को सडकों पर उतार दिया गया है। ये लोग शहर के झुग्गी झोपड़ी,मलिन बस्ती,मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के साथ रेलवे लाइन आदि के किनारे इस बात पर निगाह रखेगें। खुले में शौच एवं टायलेट के लिए जाने वाले व्यक्ति को सरकारी शौचालय एवं टायलेट में जाने के लिए प्रेरित करेंगे। स्टाफ को ये भी हिदायत दी गई है कि भारत सरकार की टीम के सामने ये उजागर ना हो कि लोगों को जबरन सरकारी शौचालय एवं टायलेट जाने के लिए बाध्य किया जा रहा है।
यह भी देखें-https://www.youtube.com/watch?v=JtnDfZEYf7g
एक्शन के लिए की गई बैठक
निगम मुख्यालय में देर शाम को नगर आयुक्त के द्वारा तमाम स्टाफ के साथ बैठक की गई और कहा गया कि अब परीक्षा का वक्त आ गया है। ये ऐसा परीक्षा का वक्त है कि जिस बीच शहर के किसी हिस्सें में यदि कोई भी व्यक्ति भारत सरकार की टीम के समक्ष खुले में शौच या टायलेट के लिए जाते हुए नजर आता है, तो इसका खामियाजा निगम को भुगतना पड़ेगा।
नगर आयुक्त का कहना
वहीं नगर आयुक्त सीपी सिंह के मुताबिक केन्द्र सरकार की टीम ओडीएफ के निरीक्षण के लिए गाजियाबाद आई हुई है। निगम की तऱफ से चलाई गई, जागरूकता का असर अब लोगों में देखने को मिल रहा है। ओडीएफ की रैकिंग में सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।