गाज़ियाबाद

चलते ऑटो में बाल पकड़कर खींचे, थप्पड़ मारे, गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला को धमकी

Ghaziabad News: फोन पर गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी दंपती ने महिला के बाल खींचे, चेहरे पर थप्पड़ मारे और उसे चलती गाड़ी से बाहर फेंकने की कोशिश की। पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
ghaziabad woman beaten in moving auto vijaynagar crime news
photo AI

Ghaziabad News: गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में चलते ऑटो में एक महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। वेव सिटी की रहने वाली पीड़िता 16 अप्रैल को नोएडा से ड्यूटी कर घर लौट रही थीं, तभी ऑटो में सवार एक दंपती ने गाली-गलौज का विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की। आरोपियों ने सरेराह महिला के बाल पकड़कर खींचे, थप्पड़ मारे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता की शिकायत पर विजयनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑटो चालक और आरोपी दंपती की पहचान करने के लिए रूट के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

थप्पड़ मारने का आरोप

आरोप है कि पुरुष फोन पर अश्लील गालियां दे रहा था, जिसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। पीड़िता के अनुसार, साथ बैठी महिला ने उनके बाल पकड़ लिए और पुरुष ने उनके थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।

यात्रियों ने महिला को बचाया

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी दंपती ने चलते ऑटो में न केवल गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि उन्हें चलते वाहन से बाहर धकेलने का भी प्रयास किया। इस छीना-झपटी के दौरान महिला का मोबाइल फोन और चश्मा सड़क पर गिर गया। जब पीड़िता ने शोर मचाया और ऑटो रुकवाकर अपना सामान उठाया, तब ऑटो में सवार एक अन्य यात्री ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों के नाम पूछे, जिनकी पहचान नसीम और मोमीना खातून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Published on:
18 Apr 2026 11:41 am