
Ghaziabad Loni Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में फेसबुक पर बने दोस्त से मिलने आई 28 साल की महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की नाईपुरा कॉलोनी की है। महिला की ईंट से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप उसके दोस्त पिंटू पर लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना बैग लेकर कमरे से भागने की कोशिश कर रहा था तभी मृतका की बहन को शक हुआ। वह कमरे में पहुंची तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी और उसके दोस्त को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी पिंटू (33) और उसके दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी (22) को हिरासत में लिया है।
यह पूरी घटना सोमवार देर रात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की नाईपुरा कॉलोनी की है। मृतका की पहचान बुलंदशहर जिले के मलकपुर गांव निवासी पिंकी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पिंकी और पिंटू की दोस्ती करीब चार-पांच महीने पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। सोमवार 9 नवंबर को पिंकी अपनी बहन के साथ पिंटू से मिलने नाईपुरा कॉलोनी स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि कमरे में किसी बात को लेकर पिंकी और पिंटू के बीच अचानक कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पिंटू ने पास में रखी एक ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। जिस मकान में यह वारदात हुई वहां रहने वाले एक अन्य किराएदार प्रतीक त्यागी ने बताया कि पिंटू अपने दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी के साथ करीब 5 दिन पहले ही वहां कमरा किराए पर लेकर रहने आया था।
किराएदार प्रतीक त्यागी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे पिंकी अपनी बहन के साथ पिंटू से मिलने आई थी। कुछ देर बाद पिंटू अचानक अपना बैग लेकर कमरे से बाहर निकलने लगा। उसे इस तरह बैग लेकर बाहर जाते देख पिंकी की बहन को शक हुआ और वह तुरंत कमरे के अंदर गई। अंदर पहुंचते ही उसने देखा कि पिंकी खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी थी। यह मंजर देखकर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और भाग रहे पिंटू व उसके दोस्त आर्यन को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर हत्या की जांच शुरू कर दी है।
ACP अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि 9 नवंबर की रात करीब 9:43 बजे इंद्रापुरी चौकी पुलिस को महिला की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना लोनी बॉर्डर पुलिस और उच्चाधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पकड़े गए आरोपी पिंटू तथा उसके दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी से पूछताछ करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।