Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद में चाय की टपरी पर दो युवतियों के बीच मामूली बहस के बाद सरेआम मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
Girls fight at tea stall Ghaziabad: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक मामूली बहस देखते ही देखते बड़े हंगामे में बदल गई। साया गोल्ड सोसायटी के पास स्थित चाय की टपरी पर देर रात दो युवतियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही पलों में हाथापाई में बदल गई।
आसपास बैठे युवक-युवतियां पहले तो इस बहस को सामान्य विवाद समझते रहे, लेकिन अचानक माहौल इतना गरमा गया कि दोनों युवतियां एक-दूसरे पर टूट पड़ीं। यह पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों युवतियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। पहले जुबानी नोकझोंक चली, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों युवतियां आपस में भिड़ गईं और एक-दूसरे के बाल पकड़कर सड़क पर सरेआम मारपीट करने लगीं। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन गुस्से में भरी युवतियां किसी की सुनने को तैयार नहीं थीं। कुछ देर तक यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिससे वहां मौजूद अन्य लोग भी सकते में आ गए।
वैभव खंड इलाके में स्थित ‘पांडे चाय वाला’ नाम की यह दुकान युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती है। रात के समय यहां दोस्तों के साथ बैठकर चाय पीने वालों की भीड़ जुटी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक भीड़ रहने के कारण यहां अक्सर बहस और झगड़े की स्थिति बन जाती है। कभी पार्किंग को लेकर तो कभी आपसी कहासुनी के कारण विवाद होते रहते हैं। हालांकि इस बार युवतियों के बीच हुई मारपीट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों युवतियां एक-दूसरे के बाल पकड़कर सड़क पर खींचतान कर रही हैं और आसपास मौजूद लोग उन्हें अलग कराने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोग चाय की टपरी पर रात के समय होने वाली भीड़ और बढ़ते विवादों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी रविंद्र गौतम ने बताया कि फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वीडियो के वायरल होने की जानकारी जरूर मिली है, लेकिन जब तक कोई पक्ष शिकायत दर्ज नहीं कराता, पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। हालांकि, यदि शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनती हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात चाय की दुकानों पर युवाओं की भीड़ लगने से अक्सर शोर-शराबा और विवाद की स्थिति बन जाती है। इस तरह की घटनाएं न केवल इलाके की शांति भंग करती हैं, बल्कि आसपास रहने वाले परिवारों के लिए भी परेशानी का कारण बनती हैं। लोगों की मांग है कि देर रात तक खुलने वाली दुकानों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह के झगड़ों पर समय रहते रोक लग सके।