गाज़ियाबाद

गुरुग्राम के बाद अब गाजियाबाद में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा साइबर हब, जानिये क्‍या होगा खास

डीएम गाजियाबाद ने कौशाम्बी में हब के लिए दी हरी झंडी, रेडिसन होटल के पीछे 10 हजार वर्ग मीटर में शरू होगा काम
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 12:31 PM IST
Ghaziabad

गाजियाबाद. गुरुग्राम के बाद अब गाजियाबाद में देश का दूसरा सबसे बड़ा साइबर हब तैयार होने जा रहा है। साइबर हब कौशाम्बी इलाके में रेडिसन होटल के पास बनेगा। गाजियाबाद जिलाधिकारी व जीडीए वीसी रितु माहेश्वरी ने जगह का निरीक्षण किए जाने के बाद 10 हजार वर्गमीटर जमीन को साइबर हब के लिए सहमति प्रदान कर दी है। जमीन जीडीए की होने की वजह से किसी तरीके का विवाद भी खड़ा नहीं होगा। साइबर हब का निर्माण पीपीपी मॉडल (प्राइवेट, पब्लिक पाटर्नशिप) आधार पर किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस साइबर हब का निर्माण कार्य अगले मार्च तक शुरू हो जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष के निरीक्षण के बाद अब इस हब के लिए डीपीआर तैयार होगी। डीपीआर तैयार होने के बाद निजी क्षेत्र से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने मुख्य नगर नियोजक इश्तियाक अहमद को साइबर हब के लिए प्लॉन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस साइबर हब का निर्माण निजी क्षेत्र की कंपनी करेगी। जीडीए और निजी कंपनी के बीच मुनाफे में हिस्सेदारी होगी। कौशाम्बी के पास बनने वाले यूपी के सबसे बड़े साइबर हब की इमारत तीन मंजिला होगी। साइबर हब में मनोरंजन के लिए मल्टीप्लेक्स की जगह बनाई जाएगी। यहां वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी तथा साइबर हब को एक कम्प्लीट पैकेज के रूप में तैयार किया जाएगा। बड़ी बात यह है कि साइबर हब में राष्ट्रीय और अन्तराष्ट्रीय स्तर के व्यजंन उपलब्ध होंगे। कॉफी शॉप और मनोरंजन पार्क भी बनाया जाएगा।

जीडीए की यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अभी तक पूरे देश में इतने बड़े स्तर पर केवल गुरुग्राम में ही साइबर हब मौजूद है। साइबर हब को विशेष रूप से युवाओं के लिए डिजाइन किया गया है। वित्त वर्ष खत्म होने से पहले साइबर हब का निर्माण शुरू हो जाएगा। गुरुग्राम में साइबर हब 18581 वर्गमीटर में तैयार है, वहीं जनपद गाजियाबाद के कौशाम्बी में दस हजार वर्गमीटर पर साइबर हब को तैयार किया जाएगा।

जीडीए सचिव रविंद्र गोडबोले ने बताया कि तीन मंजिला इमारत में भवन का बेसमेंट भी बनाया जाएगा। साइबर हब के खुलने के बाद गाजियाबाद में राष्ट्रीय व अन्तराष्ट्रीय व्यजंन एक ही छत के नीचे मिलेंगे। यहां सभी प्रकार के कान्टीनेंटल, रशियन, मैक्सिको, ग्रीक, थाई, चाईनीज, इंडियन, इटेलियन भोजन के साथ दक्षिण भारतीय खाने का भी आनंद यहां आने वाले लोग उठा सकेंगे।

Published on: