IPS Transfer: यूपी के औरैया की एसपी चारू निगम का गाजियाबाद 47वीं पीएसी बटालियन में तबादला हुआ है। इसका आदेश मिलते ही वो वृद्धाश्रम बुजुर्गों से मिलने पहुंची। इस दौरान बुजुर्गो ने उन्हें आशीर्वाद दिया। इसपर वो फफक कर रो पड़ीं।
IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में सीएम योगी ने बड़े स्तर पर IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। 24 घंटे के अंदर ताबड़तोड़ दो बार 17-17 IPS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई। इसमें औरैया जिले की एसपी चारू निगम का भी तबादला गाजियाबाद 47वीं पीएसी बटालियन में किया गया है। बुधवार को तबादले का आदेश मिलने के बाद औरैया की पुलिस अधीक्षक चारू निगम जिला छोड़ने से पहले वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने पहुंची। जहां बुजुर्गों ने उन्हें गले लगाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान अपने प्रति बुजुर्गों का प्रेम देखकर 2014 बैच की IPS चारू निगम की आंखें भर आईं। इससे वृद्धाश्रम का माहौल भी गमगीन हो गया। बुजुर्गों ने एसपी चारू निगम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देकर विदा किया।
औरैया की एसपी चारू निगम का वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से गले मिलकर रो पड़ीं। इसपर सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रिया भी दी है। फारूख हुसैन नाम के एक यूजर्स ने लिखा "जिसने जो बोया है वही काटेगा कप्तान साहिबा ने अपना वर्चस्व कुछ इस तरीके से कायम किया है कि लोगों की नजरों में उनकी इज्जत बहुत ज्यादा है इसी वजह से आज उनसे बिछड़ने का दुख सभी को हो रहा है और कप्तान साहिबा को देखकर भी कुछ ऐसा ही महसूस हो रहा है।" वहीं भवानी ठाकुर नाम के एक दूसरे यूजर्स ने लिखा "27 महीने का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा।" मयंक चौधरी नाम के एक सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा "हर अच्छे अधिकारी में कुछ न कुछ बात होती है आपका हार्दिक स्वागत है गाज़ियाबाद में मैम।" वहीं एहतेशाम जीलानी नाम के सोशल मीडिया यूजर्स ने औरैया की एसपी चारू निगम की तारीफ की है।
11 सितंबर को योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से जारी की गई IPS के तबादलों की दूसरी सूची में औरैया एसपी चारू निगम का भी तबादला किया गया है। उन्हें 47वें वाहिनी पीएसी गाजियाबाद का सेनानायक बनाया गया है। औरैया में एसपी चारू निगम ने अपने 27 महीने के कार्यकाल के दौरान लगातार चर्चा का केंद्र बनी रहीं। औरैया में सर्राफा व्यापारी से लूटी गई 50 किलोग्राम चांदी को दारोगा के सरकारी आवास से बरामद करने की घटना ने इन्हें सुर्खियों में रखा। ट्रांसफर लिस्ट आने के बाद चारू निगम औरैया के एक वृद्धाश्रम पहुंची। वहां रह रहे बुजुर्गों ने उनको विदाई दी। इस दौरान चारू निगम अपनी भावनाएं नहीं छिपा पाईं। उनकी आंखों में आंसू आ गए।
IPS चारू निगम साल 2017 में पहली बार चर्चा में आई थीं। तब वह गोरखपुर में बतौर एएसपी तैनात थीं। उस दौरान शराब की एक दुकान बंद कराने को लेकर तत्कालीन बीजेपी विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल से चारू निगम की तीखी बहस हो गई थी। सोशल मीडिया पर इसको लेकर विधायक को काफी आलोचना का भी सामना करना पड़ा था। आम जनता ने चारू निगम का समर्थन किया था। इसके बाद वह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई थीं।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बतौर एएसपी तैनात आईपीएस चारू निगम अपनी कार्यशैली की वजह से लोगों की आइडियल भी बनीं। उन्होंने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से गायब हुए बच्चे को 36 घंटे के अंदर खोज निकाला। इसके साथ ही बच्चा चोर महिला को भी गिरफ्तार कर लिया था। दरअसल, मझगांवा गांव की रहने वाली आरती को मेडिकल कॉलेज के गायनी विभाग में भर्ती कराया गया था। आरती ने बच्चे को जन्म दिया। आरती की तीमारदारी में ननद सुमन भी अपने आठ महीने के बेटे राजीव को लेकर आई थी। अगली सुबह बच्चा राजीव मेडिकल कॉलेज से गायब हो गया। एएसपी चारू निगम के नेतृत्व में पुलिस ने राजीव को 36 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। इस दौरान पुलिस ने बच्चा चोर महिला तबस्सुम को भी गिरफ्तार किया था।