गाज़ियाबाद

LPG ग्राहक 16 अगस्त से पहले करा लें e-KYC, नहीं तो बंद हो सकती है रसोई गैस की सब्सिडी और बुकिंग!

LPG gas cylinder latest update: LPG गैस सिलेंडर ग्राहकों के लिए बड़ी खबर, 16 अगस्त 2026 से पहले e-KYC कराना जरूरी, नहीं तो सब्सिडी और घरेलू दर पर सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है, जानिए e-KYC प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और नए नियम।
3 min read
LPG e-KYC 2026
समय पर e-KYC कराएं, गैस सुविधाओं में परेशानी से बचें। (फोटो सोर्स- ANI)

LPG subsidy news: अगर आपके घर में घरेलू गैस सिलेंडर आता है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। एलपीजी कनेक्शन की e-KYC (सत्यापन प्रक्रिया) पूरी करने की तारीख नजदीक आ गई है। जिन ग्राहकों ने अभी तक अपना आधार से जुड़ा सत्यापन पूरा नहीं कराया है, उन्हें 16 अगस्त 2026 तक e-KYC करानी होगी। अगर समय पर यह काम पूरा नहीं किया गया तो आगे चलकर गैस सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है। साथ ही सिलेंडर लेने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि हर LPG ग्राहक को e-KYC कराने की जरूरत नहीं है। जिन लोगों का पहले ही आधार सत्यापन हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया नहीं करनी होगी। यह केवल उन्हीं ग्राहकों के लिए जरूरी है जिनका सत्यापन अभी बाकी है।

गाजियाबाद में 2 लाख से ज्यादा ग्राहक अभी बाकी

LPG e-KYC को लेकर कई शहरों में अभियान चलाया जा रहा है। गाजियाबाद में भी बड़ी संख्या में ग्राहक अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जिले में करीब 12 लाख LPG उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 10 लाख लोगों की e-KYC पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 2 लाख ग्राहक अभी भी बाकी हैं। जिला आपूर्ति विभाग ने ऐसे सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना सत्यापन पूरा करा लें।

आखिर क्यों कराई जा रही है LPG e-KYC?

सरकार और तेल कंपनियां यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि गैस सब्सिडी का फायदा सही व्यक्ति तक पहुंचे। e-KYC के जरिए फर्जी, बंद पड़े और एक से ज्यादा कनेक्शन की पहचान करने में भी मदद मिलेगी। अभी घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे ग्राहक के बैंक खाते में भेजी जाती है। अगर किसी ग्राहक का सत्यापन अधूरा है तो भविष्य में सब्सिडी मिलने में दिक्कत आ सकती है।

घर बैठे भी करा सकते हैं e-KYC

अब ग्राहकों को e-KYC के लिए हर बार गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल से भी यह काम पूरा कर सकते हैं। इसके लिए ग्राहक अपनी गैस कंपनी के ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। जैसे IndianOil ONE ऐप, Hello BPCL और HP Pay ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से e-KYC पूरी की जा सकती है।

इसके अलावा गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड और गैस कनेक्शन की जानकारी देकर फिंगरप्रिंट या अन्य बायोमेट्रिक तरीके से भी सत्यापन कराया जा सकता है। कई जगहों पर गैस सिलेंडर पहुंचाने वाला कर्मचारी भी OTP या अन्य माध्यम से e-KYC पूरी कराने में मदद कर रहा है।

बुजुर्ग ग्राहकों को मिलेगी राहत

अगर कोई बुजुर्ग व्यक्ति या ऐसा ग्राहक जो चलने-फिरने में परेशानी महसूस करता है, गैस एजेंसी नहीं पहुंच सकता तो कुछ जगहों पर घर जाकर भी e-KYC की सुविधा दी जा रही है।

कनेक्शन किसी और के नाम है तो पहले कराएं ट्रांसफर

कई घरों में गैस कनेक्शन अभी भी माता-पिता या किसी रिश्तेदार के नाम पर है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं या कहीं और रहने लगे हैं। ऐसे मामलों में पहले कनेक्शन को मौजूदा इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कराना होगा। इसके लिए गैस एजेंसी में जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।

e-KYC नहीं कराई तो क्या होगा?

अगर आपने तय समय तक e-KYC पूरी नहीं कराई तो ऐसा नहीं है कि तुरंत सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा। लेकिन आपकी सब्सिडी रुक सकती है या घरेलू दर पर मिलने वाली सुविधा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में आगे आपको सिलेंडर के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं।

इसलिए आखिरी समय की परेशानी से बचने के लिए LPG ग्राहक जल्द से जल्द अपना e-KYC सत्यापन पूरा करा लें। खासकर वे लोग जिनका गैस कनेक्शन अभी तक आधार से पूरी तरह सत्यापित नहीं है।

Updated on:
06 Aug 2026 11:23 am
Published on:
06 Aug 2026 10:50 am
Also Read
View All
कांवड़ यात्रा के चलते गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त तक सभी स्कूल बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश

गाजियाबाद में 10वीं कक्षा की छात्रा का किया अपहरण, 7 घंटे तक कार में रखा, फिर एनएच-9 किनारे छोड़कर भागे आरोपी

Student Protest Funding: लोगों ने खुद भेजा राशन, कुछ पैसे खुद लगाए, जुनैद के परिवार ने फंडिंग के आरोपों पर दी सफाई

‘राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से कोई भी वर्ग नहीं लेता’, वंदे मातरम के विरोधियों को पाकिस्तान भेजना चाहिए: MLA नंदकिशोर गुर्जर

गाजियाबाद: सहेली की बर्थडे पार्टी में गई विवाहिता से अनैतिक काम, बीयर पीने के बाद नशे की हालत का उठाया फायदा