गाज़ियाबाद

राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी की ईंट से सिर कुचलकर हत्या, देखें घटना का वायरल वीडियो

राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अरुण की ईंट से पीट-पीटकर हत्या का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें हमलावर महज 8 सेकंड में अरुण के सिर पर ईंट से दो वार कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2022, 11:03 AM IST
national-wrestling-player-head-smashed-with-a-brick-over-parking-dispute-in-ghaziabad.jpg
राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अरुण की फाइल फोटो।

दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड दरोगा के बेटे व राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अरुण उर्फ वरुण की ईंट से पीट-पीटकर हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपी युवक राजपुर गांव के रहने वाले हैं। गाजियाबाद पुलिस की पांच टीम आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी अरुण के सिर पर 8 सेकंड के भीतर दो वार करते हैं। जबकि इससे पहले अरुण को लात-घूंसों से जमकर पीटा गया। इस हमले में अरुण की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए।

बता दें कि 35 वर्षीय अरुण राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी था। वह अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर खाना खाने गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ स्थित बिहारी ढाबे पर आया था। दोस्त तो पहले ही उतर गए, जबकि अरुण थोड़ा आगे कार पार्क कर उतरने लगा। लेकिन, बराबर में एक अन्य कार खड़ी होने के चलते गेट नहीं खुला। इस पर अरुण ने दूसरी कार के चालक से कार पीछे करने के लिए कहा तो चालक ने कार हटाने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। चालक कार के साथ उसके पीछे बैठे दोस्त भी बाहर आ गए।

हत्या के बाद फरार हुए आरोपी

इसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि उन्होंने अरुण की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। फिर सड़क से ईंट उठाकर अरुण के सिर पर वार किए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी वरुण के सिर पर 8 सेकंड के भीतर दो वार करते हैं। इस हमले में अरुण की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी अपनी कार में सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस की 5 टीम दे रही दबिश

पुलिस ने बताया कि आरोपी अरुण के गांव जावली के समीप स्थित गांव राजपुर के रहने वाले हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे राहगीरों ने बनाया था। सीओ साहिबाबाद पूनम मिश्रा ने बताया कि पुलिस की पांच टीम आरोपियों की तलाश के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Updated on:
27 Oct 2022, 11:03 AM IST
Published on: