गाजियाबाद क्षेत्र में कार के शीशे ताेड़कर चाेरी की घटना काे अंजाम दे रहे वाहन चाेर घटना काे अंजाम देने से पहले आस-पास के घराें की कुंडी बाहर से कर देते हैं बंद
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
गाजियाबाद ( ghazibad news ) अगर आपकी कार भी घर के बाहर खड़ी हाेती है ताे यह खबर आपके लिए ही है। गाजियााबाद में कार चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरा (CCTV camera ) में कैद हुई है। चोरों ने अब कार चोरी का नया तरीका इजात कर लिया है। चोर अब लॉक नहीं खोल रहे बल्कि शीशा काटकर कार ताेड़ रहे हैं।
घटना मोदीनगर इलाके में गोविंदपुरी की सुदामापुरी कॉलोनी की है। यहां चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी के शीशे ताेड़कर उसे चोरी करने का प्रयास किया।चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ा तो इसकी आवाज गाड़ी के मालिक को सुनाई दी। आनन-फानन में वह बाहर निकला और देखा तो उसकी गाड़ी के अंदर एक चोर बैठा हुआ था और दो बाहर रेकी करने में लगे हुए थे। शोर मचाने के बाद चोर वहां से भाग खड़े हुए।
इससे भी अधिक हैरान कर देने वाली बात यह है कि चोरों ने कार चोरी की घटना काे अंजाम देने से पहले आस-पास के लाेगाें के घर की कुंडी बाहर से लोहे के तार से बंद कर दी। गनीमत रही कि गाड़ी के मालिक के घर का दरवाजा आसानी से खुल गया। वरना चोर अपने मिशन में पूरी तरह कामयाब हो जाते। चोरों की यह सारी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मोदीनगर थाना क्षेत्र गोविंदपुरी की सुदामापुरी कॉलोनी गली नंबर 4 में रहने वाले अभय सिंह नाम के युवक ने बताया कि रात के तकरीबन 3:00 बजे के समय चोरों ने घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया जिनकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ टूट फूट की आवाज़ आई. जब वह बाहर निकले तो उसकी कार में एक चोर घुसा हुआ था, जिसने गाड़ी चोरी करने का प्रयास किया।