Ghaziabad News: गाजियाबाद के नाहाली गांव में इफ्तार पार्टी के दौरान प्रधानी चुनाव को लेकर दो गुटों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। पहले कहासुनी हुई, फिर लात-घूंसे और करीब एक घंटे तक पत्थरबाजी चलती रही, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए।
Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में रमजान के महीने में इफ्तार की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान प्रधानी उम्मीदवारों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पहले हाथापाई हुई, फिर लात-घूंसे भी चलने लगे। इस लड़ाई में लगभग एक घंटे तक पत्थराव भी हुआ, जिसमें बताया जा रहा है कि दस लोगों को चोटें आई हैं। वहीं, फरीदनगर के दरोगा मामला शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वह बगल में खड़े होकर घटना का केवल वीडियो बनाते दिखाई दिए।
आपको बता दें कि नाहाली गांव का है, जहां शाम के वक्त इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में लंबे समय से खटपट थी, लेकिन जब एक साथ बैठे तो मामला बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल होने को लेकर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। कुछ ही देर में लाठी-डंडे चलने लगे और जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान करीब 10 लोगों के सिर फट गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच गांव की गलियां कुछ ही पलों में रणक्षेत्र में बदल गईं।
ग्रामीणों और चश्मदीदों का कहना है कि जब गांव में दोनों पक्षों के बीच हिंसक टकराव हो रहा था, उस समय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि पुलिस ने उपद्रवियों को रोकने के लिए तुरंत सख्ती नहीं दिखाई और दूरी बनाकर खड़ी रही। इसी दौरान फरीदनगर के दरोगा संजय कुमार घटना को शांत कराने के बजाय अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाते हुए नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप किया होता, तो इतनी बड़ी संख्या में लोग घायल नहीं होते।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग घरों की छतों और बालकनियों से एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी कर रहे हैं। करीब 30 मिनट तक लगातार ईंट-पत्थर बरसाए जाते रहे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में एक व्यक्ति छत पर खड़ा होकर पत्थर फेंकते हुए सामने वाले पक्ष को ललकारता और धमकी देता सुनाई दे रहा है। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई और फिर छतों से पथराव होने लगा। इस दौरान आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए, जबकि गांव की गलियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।