गाज़ियाबाद

आजम खान से जेल में मिलेंगे शिवपाल यादव, पत्नी तंजीन फातिमा ने जेल की व्यवस्था पर उठाए थे सवाल

Shivpal Yadav: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव आज गाजियाबाद की डासना जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे। इससे पहले उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने जेल में खराब व्यवस्था और आजम खान की सेहत को लेकर सवाल उठाए थे। आजम खान ईडी की गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 8:27 AM IST
UP News
सपा नेता शिवपाल यादव (Photo ANI)

Shivpal Yadav Meeting Azam Khan: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात के लिए सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव आज गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचेंगे। शिवपाल यादव आज सुबह 10:30 बजे जेल पहुंचकर पहले अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद आजम खान से मिलने की तैयारी है। आजम खान को 1 नवंबर को ईडी ने विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया। इससे पहले उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने जेल में रहने की व्यवस्था और उनके स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए थे।

आजम खान से मिलने सुबह 10:30 बजे पहुंचेंगे शिवपाल

सपा नेता शिवपाल यादव आज आजम खान से मुलाकात करने गाजियाबाद पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, शिवपाल यादव सुबह 9:30 बजे यूपी भवन, नई दिल्ली से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे। सुबह 10:30 बजे उनके डासना जेल पहुंचने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि जेल पहुंचने के बाद वह अधिकारियों से बातचीत करेंगे और फिर आजम खान से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12 बजे उनके जेल से बाहर निकलने की संभावना है। इस दौरान सपा समर्थकों के भी जेल के बाहर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। शिवपाल यादव के कार्यक्रम को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। जेल के बाहर मसूरी पुलिस के साथ लोकल इंटेलिजेंस की टीम भी तैनात रहेगी।

पहली बार डासना जेल में बंद हैं आजम खान

आजम खान पहली बार गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। इससे पहले वह लंबे समय तक रामपुर जेल में रहे हैं। 1 नवंबर को ईडी की विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। इसके बाद उन्हें डासना जेल में रखा गया।

पत्नी तंजीन फातिमा ने जेल की व्यवस्था पर उठाए थे सवाल

शिवपाल यादव से पहले आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा भी उनसे मिलने डासना जेल पहुंची थीं। पांच दिन पहले शुक्रवार को उन्होंने करीब एक घंटे तक वरिष्ठ जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा से बातचीत की। इसके बाद उनकी आजम खान से मुलाकात कराई गई। मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने जेल में आजम खान को मिलने वाली सुविधाओं पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि जो असली हालात हैं, वे ठीक नहीं हैं। न बिस्तर है और न ही पलंग। मैंने आजम से जाली में रहकर बात की।

उन्होंने आरोप लगाया कि 10 बार विधायक, राज्यसभा और लोकसभा सांसद रह चुके आजम खान को गंदगी के बीच रखा गया है। तंजीन फातिमा ने कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जैसे वह कहीं भाग जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कातिल तो खुलेआम घूमता है, लेकिन आजम साहब के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है।

जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने किया था गिरफ्तार

आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को फर्जी पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली थी। 29 अक्टूबर को कोर्ट ने दोनों की 10 साल की सजा निलंबित करते हुए जमानत दे दी थी। इसके बाद 31 अक्टूबर को दोनों रामपुर जेल से बाहर आए। हालांकि, जेल से बाहर निकलते ही ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया। अब्दुल्ला आजम को जाने दिया गया। ईडी आजम खान को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले गई, जहां जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के कथित इस्तेमाल को लेकर उनसे 50 से ज्यादा सवाल पूछे गए। रामपुर जेल के बाहर ईडी अधिकारियों और आजम खान के बीच काफी देर तक बहस भी हुई थी। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

Updated on:
12 Nov 2026, 8:27 AM IST
Published on: