जीडीए बोर्ड मेंबर्स के चुनाव में भाजपा के पास आई तीन सीटें जबकि सपा को एक सीट जीतने में मिली कामयाबी
गाजियाबाद। अगले लोकसभा चुनाव के लिए सपा और बसपा के गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे की बात फाइनल बताई जा रही है। देश के अलावा भी सपा और बसपा का गठबंधन कई अन्य चुनावों में दिख रहा है। जिले में सोमवार को हुए नगर निगम के जीडीए बोर्ड सदस्यों के चुनावों में भी सपा और बसपा का गठबंधन देखने को मिला। इस गठजोड़ के कारण सपा अपना सदस्य जिताने में कामयाब रही। वहीं, इसमें कांग्रेस की हार चौंकाने वाली रही। माना जा रहा है कि अगर बसपा, सपा व कांग्रेस तीनों मिलकर चुनाव लड़ते तो दो सदस्य जीत जाते। बोर्ड में भाजपा के तीन सदस्य भी जीते। इस दौरान चुनाव में क्रॉस वोटिंग भी देखने को मिली।
तीन भाजपा और एक सपा के खाते में गई
दरअसल, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के चार सदस्यों के लिए सोमवार को चुनाव हुआ। इसमें तीन सीटें भाजपा और एक सपा के खाते में गई। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार एक वाेट से हार गईं। भाजपा के पास सदन में कुल 62 वोट हैं लेकिन उसे कुल 71 मत मिले। मतलब क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा तीन सीट जीतने में कामयाब रही। उसके उम्मीदवार हिमांशु मित्तल, सचिन कुमार डागर और कृष्णा त्यागी को जीत हासिल हुई।
चुनाव में देखने को मिला गठबंधन
वहीं, देश में हो रहे सपा और बसपा के गठबंधन के बाद दोनों दलों का यह जोड़ इस चुनाव में भी देखने को मिला। 100 पार्षदों वाले इस सदन में सपा के महज 5 सदस्य हैं। बसपा के साथ गठजोड़ की वजह से सपा पांच सदस्यों के बावजूद अपने प्रत्याशी आसिफ खान चौधरी को जिताने में कामयाब रही। वहीं, क्रॉस वोटिंग का नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ा और 17 वोट मिलने के बाद भी पार्टी प्रत्याशी मिथलेश शर्मा एक वोट से हार गईं।
भाजपा के ये प्रत्याशी जीते
आपको बता दें कि बोर्ड सदस्य के लिए कुल 107 वोट पड़े। पुलिस और पीएसी की पहरेदारी में सोमवार सुबह 10:30 चुनाव शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला। अंत में भाजपा के हिमांशु मित्तल, सचिन कुमार डागर व कृष्णा त्यागी और सपा के आसिफ खान चौधरी को विजयी घोषित किया गया।
बागी पार्षद को भाजपा ने मनाया
भाजपा पार्षद हिमांशु मित्तल चुनाव से पहले बगावत पर उतर आए थे। उन्होंने अलग से नामांकन दाखिल करने के लिए फॉर्म भी ले लिया था, लेकिन पार्टी स्तर से उनकी नाराजगी को दूर कर लिया गया। इसके बाद उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया।
भाजपा पर वोट खरीदने का आरोप
उधर, कांग्रेस और सपा ने भाजपा पर वोट खरीदने का आरोप लगाया है। सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि गठबंधन के उम्मीदवार को दो वोट कम मिले। इसकी जांच की जाएगी कि किन दो सदस्यों ने क्रॉस वोट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पार्षदों को डराया-धमकाया भी है। वहीं, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने हार की समीक्षा करने की बात कही। भाजपा महानगर अध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी ने पार्टी की जीत को बेहतरीन रणनीति का परिणाम बताया।