गाजीपुर

‘हर उपद्रवी का होगा इलाज, रासुका की होगी कार्रवाई’, गाजीपुर एनकाउंटर के बाद बवाल पर एसपी

Ghazipur Encounter news : होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के बाद एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा और पुलिस पर पथराव करने वाले करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

2 min read
Jun 05, 2026
Ghazipur encounter news
कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद बवाल (फोटो- IANS)

Ghazipur Kamlesh Bind Encounter: गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के मामले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद के परिजनों द्वारा हंगामा किये जाने के बाद गाजीपुर के एसपी ई रजा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। एसपी ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर रासुका तक की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया है कि किसी भी हाल में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज

होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के बाद एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा और पुलिस पर पथराव करने वाले करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, घटना के बाद वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण देर रात घटनास्थल पहुंचे और पुलिस बल के साथ देर रात फ्लैग मार्च किया। इस मामले में कमलेश के भाई और भाभी समेत 6 नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके साथ ही 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

क्या बोले एसपी

बवाल के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ई राजा ने बताया है कि अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय कमलेश बिंद के परिजनों और उसके समर्थकों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद जब पुलिसकर्मी कमलेश के शव को उठने लगे तो पुलिस कर्मियों के साथ धक्का मुक्की की गई। इस दौरान लोगों ने पुलिस पार्टी पर पथराव कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में सीओ, एसएचओ समेत कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

एसपी ने बताया है कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया है कि जरूरत पड़ने पर आरोपियों के खिलाफ रासुका तक की कार्रवाई करेंगे। एसपी ने बताया कि मामले में वीडियो के आधार पर कुछ लोगों को चिन्हित कर लिया गया है और पुलिस की टीमें बनाकर उनके घरों पर दबिश दी जाएगी। उन्होंने कहा है कि इस दौरान आरोपियों को संरक्षण देने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया है कि किसी भी हाल में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

क्या है मामला

दरअसल, होटल कारोबारी विनीत राय की बीते शुक्रवार को देर रात 11 बजे के करीब गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उन्हें चार गोलियां मारी। इसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में कटरा गैंग का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। वहीं, मुख्य आरोपी शंकर पांडे और कमलेश बिंद के ऊपर एक लाख रुपए का इनाम घोषित है। इस मामले में पुलिस संग हुई मुठभेड़ में कमलेश बिंद मारा गया था।

Updated on:
05 Jun 2026 12:53 pm
Published on:
05 Jun 2026 12:49 pm