
Ghazipur encounter news: गाजीपुर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के दौरान कमलेश के परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया और शव उठाने की कोशिश कर रहे पुलिस वालों के ऊपर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान कमलेश के परिजनों की तरफ से पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसमें सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए
जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के मुख्य आरोपी कमलेश बिंद को पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ में मार गिराया। कमलेश की शादी महज 37 दिन पहले हुई थी। उसने बिहार के मोहनिया से मनीषा के साथ धूमधाम से विवाह रचाया था और शादी के बाद उसे अपने घर लेकर आया था। मनीषा नर्सिंग की छात्रा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा कि परिजन कमलेश के अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर शमशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान फूलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शव रख कर प्रदर्शन करने लगे।
करीब 4 दर्जन पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमलेश की अंतिम यात्रा में शामिल थे। परिजनों द्वारा शव रखे जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने शव को उठाने की कोशिश की, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि इस दौरान कमलेश के परिजनों द्वारा पुलिस के साथ हाथापाई और पथराव किया गया।
गाजीपुर पुलिस ने मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कुछ अराजक तत्वों ने प्रधान पति संजय चौधरी के कथित उकसावे पर पुलिस बल पर सुनियोजित तरीके से पथराव किया। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था भंग करने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले 60 से 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दरअसल, 29 मई की देर रात बदमाशों ने होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान पुलिस ने छानबीन के दौरान पाया कि आरोपियों का व्हाट्सएप पर कटरा गैंग के नाम से ग्रुप है और इस ग्रुप के सदस्यों में कमलेश बिंद के अलावा शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव भी शामिल हैं। वहीं, मुख्य आरोपी शंकर पांडे पर भी एक लाख रुपए का नाम घोषित किया गया है, जबकि आलोक दुबे और सोनू यादव पर 50-50 रुपए का इनाम घोषित है।
शुक्रवार की रात 11 बजे के करीब अष्टभुजी कॉलोनी के रहने वाले होटल मालिक आलोक राय उर्फ ब्लू राय के बेटे विनीत राय की होटल के बाहर ही बाइक सवार चार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि विनीत उस समय होटल से खाना खाकर घर जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया। इस हमले के चश्मदीद और होटल के गार्ड शंभू यादव पर भी फायरिंग की गई थी, जिसके बाद शंभू यादव ने होटल में भाग कर अपनी जान बचाई थी।