गाजीपुर

पुलिस संग मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली, गाजीपुर में बच्चों के अपहरण में था वांछित, दोनों पैर में लगी गोली

Ghazipur crime News। 50 thousands rewarded criminal Arrested in Ghazipur: गाजीपुर जिले में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है...
2 min read
• •
Aug 13, 2026
Ghazipur news
Pc-Ghazipur Police

Reward Criminal Attested In Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया बदमाश नाबालिग बच्चों के अपहरण में शामिल था और उसके ऊपर इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ करीब एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, पुलिस की गोली उसके दोनों पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान संजय बिंद उर्फ बुझारत के रूप में हुई है।

पुलिस टीम पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, सैदपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश संजय बिंद सादात की तरफ से गाजीपुर की ओर जा रहा है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अहिरौली गांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक शख्स आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस ने बताया है कि इस दौरान संजय बिंद ने भागने की कोशिश की और उसकी बाइक फिसल कर गिर गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरने के बाद संजय बिंद ने खुद को घिरा देखा, इसके बाद उसने पुलिस टीम पर करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने खुद को बचाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिससे आरोपी के दोनों पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इस दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वहीं, घायल हुए आरोपी को पुलिस सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है।

क्या बोले क्षेत्राधिकारी

सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया है कि मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र का 38 वर्षीय संजय बिंद है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, बाइक और कैश भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि संजय बिंद बच्चों के अपहरण के मामले में वांछित चल रहा था। इसके साथ ही उसके ऊपर पूर्व में 14 मुकदमे दर्ज हैं। यह मुकदमे चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी धाराओं में विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Updated on:
13 Aug 2026 09:36 am
Published on:
13 Aug 2026 09:36 am