गाजीपुर

गाजीपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़, दो आरोपी पुलिस की गोली से घायल, संगीन मामलों में थे वांछित

Ghazipur crime News : गाजीपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
2 min read
Aug 18, 2026
Ghazipur News
Pc-Patrika

Criminals Arrested in Encounter in Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी संगीन मामलों में वांछित चल रहे थे, जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

करंडा और नंदगंज थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सरसौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर मुठभेड़ के दौरान नंदगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले कुंदन सिंह उर्फ विशाल सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि कुंदन सिंह के खिलाफ करंडा और नंदगंज थाने में मारपीट, धमकी की हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने बताया कि 2016 से 2025 के बीच कुंदन के ऊपर कुल आठ मुकदमे दर्ज थे। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था।

ससुराल पक्ष पर की थी फायरिंग

पुलिस ने बताया है कि नंदगंज और करंडा थाने की पुलिस संयुक्त रूप से इलाके में गस्त और वांछित अभियुक्त की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुंदन सरोली हरिजन बस्ती के पास मौजूद है, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंटी देख कुंदन ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कर दिया है।

क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि कुंदन ने विवाद के बाद अपने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि कुंदन का अपनी पत्नी से तलाक को लेकर विवाद चल रहा था, इसी बीच हुआ बेलसरी गांव में पहुंचा था। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कहासुनी होने के बाद आरोपी ने 12 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी थी। इसमें 14 वर्षीय आर्यन यादव की जांघ में असलहे से निकला छर्रा लग गया था। मारपीट के दौरान कुंदन के ससुर बृजेश यादव के सिर में भी चोट आई थी, इसी मामले में वह फरार चल रहा था।

करिमुद्दीन पुलिस से भी मुठभेड़

वहीं, करीमुद्दीन थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और अपहरण के मामले में फरार चल रहे एक बदमाश को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Updated on:
18 Aug 2026 09:56 am
Published on:
18 Aug 2026 09:56 am
Also Read
View All