
गोंडा. कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में महिला के साथ छिनैती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के अख्तियारपुर की रहने वाली महिला मीना शुक्ला सेंट्रल बैंक की शाखा से 26000 रुपये निकाल कर एक दुकान पर बच्चों के लिए स्टेशनरी ले रही थीं, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीना और फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इसकी शिकायत महिला ने पुलिस से की और मामले में सीसीटीवी में कैद व्यक्ति के वीडियो की मदद से खोजबीन शुरू हुई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक जिसमे महिला से बैग छीनकर फरार हुए था, उसको गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला से छीना हुआ रुपए वाला बैग बरामद कर लिया है।
सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक पाले तिवारी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व लूट के रुपये भी बरामद कर लिए गए हंै। इस संबंध में दुकानदार ने बताया कि महिला दुकान पर कॉपी लेने आयी थी कि पीछे से एक युवक उसका बैग छीनकर भाग निकला और ये घटना दुकान में लगे सीसीटीबी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी मदद से पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। वही सीओ क्राइम भरत यादव के मुताबिक लूटने वाले युवक को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
बैंक से निकाले थे रुपए
बैंक से पैसा निकाल कर बाजार में खरीदारी कर रही महिला से 26 हजार रुपये छीन कर भागने वाले युवक को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दस हजार नकद एवं एक चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। कस्बा चौकी प्रभारी बृजानन्द सिंह ने बताया कि बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उल्लहा निवासी मीना शुक्ला ने बैंक से 26 हजार रुपए निकाले थे तथा एक स्टेशनरी की दुकान से किताब-कॉपी खरीद रही थीं। उसी बीच दो युवक आये और उनकी पर्स छीन कर भाग निकले। दोनों युवकों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज व वीडीओ को देखा और युवकों की तलाश शुरू की।
एक पकड़ा, एक फरार
हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक युवक को पकड़ा गया, जिसने अपना नाम पाले तिवारी निवासी ग्राम बसुहा तिवारी पुरवा सकरौरा ग्रामीण बताया है। उसके पास से 10 हजार नकद बरामद हुआ। पाले के मुताबिक दोनों ने 13-13 हजार रुपए बांट लिए थे, जिसमें से तीन हजार रुपए खर्च भी कर लिया। दूसरा युवक अभी फरार है। पकड़े गये युवक के पास से एक होण्डा ड्रीम मोटर साइकिल भी बरामद हुई है, जो चोरी की थी।