
CCTV camera,Khandwa news,Bike fire,
खंडवा. बड़ाबम चौराहे पर फोटोकाफी दुकान के बाहर खड़ी बाइक को जलाने के मामले की गुत्थी पुलिस ने मात्र ८ घंटे में सुलझा ली है। आगजनी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक आरोपित नाबालिग है। आरोपितों ने दुर्गा स्थापना के दौरान चंदा नहीं देने की बात को लेकर घटना को अंजाम दिया था। गुरुवार रात करीब १ बजे बड़ाबम क्षेत्र में आरोपितों ने पहले रैकी की। इसके बाद चौराहे पर बने शौचालय के पास आग लगाने की प्रैक्टिस की। उसके बाद दुकान के बाहर खड़ी बाइक की पेट्रोल नली निकालकर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मामले की खबर लगते ही कोतवाली टीआई डीके पुरी घटनास्थल पर पहुंचे। तुरंत क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही खफिया तंत्र को सक्रिय किया गया। सुबह होते-होते पुलिस के पास सभी आरोपितों के नाम आ गए। शिनाख्त होते ही पुलिस ने टीम भेजकर उन्हें हिरासत में ले लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी नवनीत भसीन ने पांच हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
रूमाल पेट्रोल से भिंगोया और लगा दी आग
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया बाइक जलाने के मामले में आरोपित सचिन पिता भगवान यादव (२२), नीलेश पिता राजेश रायकवार (१८) निवासी जवाहर गंज और एक १७ वर्षीय नाबालिग आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सचिन चिडिय़ा मैदान क्षेत्र में माताजी की स्थापना करता है। वह फरियादी प्रतीक जैन की दुकान पर चंदा लेने पहुंचा था, लेकिन प्रतीक ने चंदा नहीं दिया। इसी बात की खुन्नस में बाइक जला दी। आरोपितों ने पहले शराब पी थी। उसके बाद रैकी की और मौका देखकर बाइक की पेट्रोल नली निकाल दी। पेट्रोल फैलने के बाद रूमाल को पेट्रोल से भिंगोया और आग लगाकर बाइक पर फेंक दिया। जिससे बाइक जलकर खाक हो गई। आरोपितों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब १.१० बजे बड़ाबम चौराहे पर जैन फोटोकाफी दुकान के बाद खड़ी बाइक (एमपी ०९ एमजेड ३२४७) में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी थी। बाइक प्रतीक जैन के यहां काम करने वाले कर्मचारी त्रिलोक की थी।
इंदौर रोड पर एंबुलेंस के कांच फोड़े
इधर, गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात इंदौर रोड स्थित जैन नर्सिंग होम के बाहर खड़ी एंबुलेंस के असामाजिक तत्वों ने कांच फोड़ दिए। ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो वारदात समाने आई। मामले में फिरोज पिता मजीद निवासी कुंडलेश्वर वार्ड ने पद्मनगर थाने में शिकायत की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
Published on:
07 Oct 2017 09:14 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
