
Brij Bhushan Sharan Singh Statement: भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, "फारूक अब्दुल्ला के मन में पाकिस्तान के प्रति जो प्यार है वह कभी-कभी इस तरह के बयानों के जरिए बाहर आ ही जाता है। बृजभूषण ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा था और आगे भी हमेशा रहेगा।"
बृजभूषण ने दावा किया कि, आज नहीं तो कल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को पूरी तरह से भारत का अंग बनना ही है। उन्होंने कहा कि भारत में चाहे किसी भी दल की सरकार रही हो सभी ने हमेशा से POK को देश का अभिन्न हिस्सा ही माना है। इस दौरान उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। बृजभूषण ने कहा कि उस समय परिस्थितियां कुछ और थीं और देश में कांग्रेस की सरकार थी वरना आज देश का इतिहास और भूगोल कुछ और ही होता। भारत किसी की दया पर निर्भर नहीं है।
आपको बता दें कि दरअसल नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने 24 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि, पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार कश्मीर का मुद्दा उठाता रहता है और इसी वजह से कश्मीरियों की आवाज पूरी दुनिया तक पहुंच रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा था कि पाकिस्तान कश्मीरियों की रक्षा कर रहा है। उनके इसी बयान के बाद से भाजपा नेता लगातार उन पर हमलावर हैं।
फारूक अब्दुल्ला के इस बयान के बाद से कश्मीर और पाकिस्तान के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी काफी तेज हो गई है। एक तरफ जहां फारूक अब्दुल्ला ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की तरफ से कश्मीर का मुद्दा उठाए जाने को कश्मीरियों की आवाज से जोड़ा है वहीं, भाजपा के कई नेताओं ने उनकी इस टिप्पणी को पाकिस्तान का पक्ष लेने वाला बताया है।