गोंडा

बृजभूषण शरण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण को जान से मारने की धमकी, फोन पर युवक बोला- तुम दोनों को खत्म कर देंगे

Brij Bhushan Sharan Singh Prateek Bhushan Singh Death threat : पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने राजस्थान के आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jun 17, 2026
Brij Bhushan Sharan Singh
Brij Bhushan Sharan Singh News : बृजभूषण शरण सिंह और प्रतीक भूषण को मिली जान से मारने की धमकी, PC- IANS

गोंडा : कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 14 जून 2026 को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने बातचीत के दौरान धमकी भरे अंदाज में कहा कि वह विधायक और उनके पिता की हत्या की व्यवस्था कर चुका है और यदि बच सकते हैं तो बच लें।

धमकी भरा फोन आने के बाद विधायक ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, उसके उपयोगकर्ता की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक और उनका परिवार पहले भी आपराधिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को दी गई यह धमकी गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। शिकायत में राजस्थान पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने दिया बयान

कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम राजस्थान भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राममंदिर विवाद पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से किया था परहेज

अयोध्या राम जन्मभूमि के दानपात्र से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में बृजभूषण शरण सिंह ने सीधे तौर पर कुछ भी कहने से परहेज किया। उन्होंने कहा, 'अगर मैं सच बोल दूंगा तो बड़ी परेशानी खड़ी हो जाएगी। मामला बहुत बड़े लोगों से जुड़ा है। अभी इतनी हिम्मत नहीं है कि सब कुछ खुलकर कह सकूं। समय आने पर सच जरूर सामने रखूंगा।'

Updated on:
17 Jun 2026 03:41 pm
Published on:
17 Jun 2026 12:53 pm