
Gonda News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करने बुधवार को गोंडा पहुंचे प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में कई सवालों के जवाब दिए। संजय निषाद के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि दर्द होगा तो दवा ढूंढ रहे होंगे। वहीं, अपने मुलाकात करने के सवाल पर बोले कि हमारा कोई दर्द नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करने बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल गोंडा पहुंचे। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान के दौरान किए गए कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी ली। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने संजय निषाद, यूपीआई चार्ज, अखिलेश यादव के AI वीडियो और यूजीसी कानून को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब दिए।
प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया गया है। यह कार्यक्रम पूरे एक महीने चला है। इसकी समीक्षा करने के लिए वह गोंडा आए हैं। बैठक में जिला स्तर के सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद हैं। अधिकारियों ने कई योजनाओं की प्लानिंग की है। जिसकी आज जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा की जा रही है।
गोंडा में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के धरना देने और इसके बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात करने को लेकर प्रभारी मंत्री से सवाल पूछा गया। इस पर आशीष पटेल ने कहा, "संजय निषाद का यदि दर्द होगा। तो वह दवा ढूंढ रहे होंगे।" जब पत्रकारों ने उनसे कहा कि आप भी माता प्रसाद पांडे से मिलने गए थे। तो उन्होंने जवाब दिया, "हमारा कोई दर्द नहीं है। ना ही हम दवा ढूंढ रहे हैं। वह हमारे साथी हैं। इसलिए औपचारिक मुलाकात होती रहती है।"
यूपीआई पर चार्ज लगाए जाने के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभी उन्होंने इसका अध्ययन नहीं किया है। पूरी जानकारी करने के बाद ही इस विषय में कोई बयान दे सकते हैं।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की ओर से जारी AI वीडियो के सवाल पर आशीष पटेल ने कहा कि वह इस तरह की राजनीति का समर्थन नहीं करते हैं। राजनीति की एक मर्यादा होती है। सभी दलों को उसका पालन करना चाहिए।
वहीं, अखिलेश यादव के यूजीसी कानून पर दर्द वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं है। यदि उत्तर प्रदेश से जुड़ा कोई विषय आता है। तो वह उसका जवाब देंगे।