गोंडा

Gonda Crime: मां शव से लिपटकर रोई, मेरे बेटे को मार डाला तीन बहनों के इकलौता भाई की मौत से रो पड़ा पूरा गांव

Gonda Crime: गोंडा के नवाबगंज में तीन बहनों के इकलौते भाई प्रिंस शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोस्तों के साथ घर से निकले प्रिंस का शव नारायनपुर के पास मिला। मां ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Aug 13, 2026
gonda
रोती मां जुटे लोग फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda Crime: गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब दोस्तों के साथ घर से निकले प्रिंस शर्मा का शव गांव से कुछ दूर नारायनपुर के पास मिला। प्रिंस तीन बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बदहवास हो गई। वह शव से लिपटकर रोती रही। और दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाती रही। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है।

Gonda Crime: नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले प्रिंस शर्मा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह पूरी रात वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश और फोन का इंतजार करते रहे। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे भृगु दुबे और ननकन दुबे घर पहुंचे। बताया कि प्रिंस को चोट लगी है। परिवार को उस समय यह नहीं बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी है। प्रिंस की बहन रितु शर्मा के मुताबिक, उनका भाई गांव के विकास, कुलदीप और करन के साथ घर से निकला था। बाद में जब उनके चाचा मौके पर पहुंचे तो नारायनपुर के पास प्रिंस का शव पड़ा मिला। तीन बहनों में प्रिंस सबसे छोटा और इकलौता भाई था। भाई की मौत की खबर सुनकर बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की फाइल फोटो फोटो सोर्स पत्रिका

मां का आरोप रात 12 बजे किया फोन लेकिन बेटे से नहीं कराई बात

मां बेटे के शव से लिपटकर लगातार रोती रही। वह कहती रही कि विकास, कुलदीप और करन ने उसके बेटे को अपने साथ लेकर गए थे। रात करीब 12 बजे परिवार ने फोन किया था। लेकिन आरोप है कि इन लोगों ने प्रिंस से बात नहीं कराई। कहा कि वे लोग अभी आ रहे हैं। इसके बाद सुबह प्रिंस का शव मिलने से परिवार ने तीनों पर हत्या का आरोप लगाया है।

थानाध्यक्ष बोले- पूरे घटनाक्रम की की जा रही जांच

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तीन लोग बाइक से गए थे। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जिनके ऊपर आरोप है। वह भी घायल हैं। प्रारंभिक जांच में फिलहाल दुर्घटना लग रही है। घायलों का कहना है कि नील गाय ऊपर से कूद गई। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी। जिसमें प्रिंस की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के असली कारण का पता चल सकेगा। पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Updated on:
13 Aug 2026 11:58 am
Published on:
13 Aug 2026 11:58 am