गोंडा

भाई बोला- “भैया को जानबूझकर मौत के मुंह में भेजा”, मगरमच्छ के हमले में दीपक की मौत, मासूम बेटी के लिए इंसाफ मांग रहा परिवार

Gonda crocodile attack: गोंडा में सरयू नदी किनारे मगरमच्छ के हमले में नोएडा के रहने वाले दीपक की दर्दनाक मौत के बाद परिवार इंसाफ और मुआवजे की मांग कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि खतरे की जानकारी होने के बावजूद दीपक को नहीं रोका गया। अब परिवार उसकी मासूम बेटी के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगा रहा है।
2 min read
May 23, 2026
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच परिवार फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा में सरयू किनारे हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। अंतिम संस्कार में शामिल होने नोएडा से आए युवक दीपक को मगरमच्छ ने नदी किनारे खींच लिया। घटना के बाद परिवार सदमे में है। मां बेटे की मौत को लापरवाही और साजिश बता रही है, जबकि परिजन अब सरकार से मुआवजे की मांग दीपक की मासूम बेटी के नाम पर करने की अपील कर रहे हैं।

गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही इलाके में सरयू नदी किनारे हुआ हादसा अब एक परिवार के लिए जिंदगी भर का जख्म बन गया है। नोएडा से अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दीपक की मगरमच्छ के हमले में मौत के बाद घर में मातम पसरा है। सबसे ज्यादा चिंता अब उसकी छोटी बेटी के भविष्य को लेकर जताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, दीपक अपने रिश्तेदारी में हुए निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंडा आया था। बुधवार दोपहर नदी किनारे चिता की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दीपक नदी किनारे खूंटा गाड़ने और हाथ धोने पहुंचा था। तभी अचानक मगरमच्छ ने हमला कर उसे पानी में खींच लिया। आसपास मौजूद लोग शोर मचाते और दौड़ते रह गए। लेकिन कुछ ही सेकेंड में वह नदी में गायब हो गया।

लोग जानते थे उस इलाके में बड़ी संख्या में रहते मगरमच्छ फिर भी भाई को भेजा

घटना के बाद परिवार का गुस्सा भी सामने आया है। दीपक के छोटे भाई बादल का कहना है कि स्थानीय लोगों को पहले से जानकारी थी कि उस इलाके में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। इसके बावजूद बाहरी व्यक्ति होने के कारण दीपक को खतरे के बारे में नहीं बताया गया। परिवार ने मामले की जांच की मांग उठाई है।

6 साल पहले हुई थी लव मैरिज, परिवार आप बच्ची की सुरक्षा और पोषण के लिए सरकार से लग रहा गुहार

दीपक की मां विमला देवी बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बेटे ने छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। अब उसकी एक छोटी बेटी है। मां का कहना है कि बेटे की मौत के बाद बहू और पोती पूरी तरह असहाय हो गई हैं। परिवार की मांग है कि सरकार अगर आर्थिक मदद दे तो वह रकम बच्ची के नाम पर जमा की जाए, ताकि उसका भविष्य सुरक्षित हो सके।

एक हादसे ने परिवार की पूरी दुनिया बदल दी

भीषण गर्मी में घंटों पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर इंतजार करने वाले परिजनों का दर्द साफ झलक रहा था। परिवार का कहना है कि एक हादसे ने उनकी पूरी दुनिया बदल दी। अब सबसे बड़ा सवाल उस मासूम बच्ची की जिंदगी का है। जिसने छोटी उम्र में ही अपने पिता को खो दिया।

Updated on:
23 May 2026 05:55 pm
Published on:
23 May 2026 05:43 pm