
Gonda News:गोंडा में भूमि विवाद से परेशान एक वृद्ध महिला की समस्या डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार की पहल के बाद सुलझ गई। उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली कलावती ने 24 अगस्त को डीआईजी के सामने अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की थी। डीआईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। विवाद सुलझने के बाद महिला मंगलवार को डीआईजी कार्यालय पहुंचीं। मिठाई खिलाकर उनका आभार जताया।
गोंडा में डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार की पहल से एक वृद्ध महिला के लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद का निस्तारण हो गया। समस्या दूर होने के बाद महिला मंगलवार को डीआईजी कार्यालय पहुंचीं। उन्हें मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। महिला ने डीआईजी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कार्रवाई के लिए आभार जताया। मामला उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के पकवानगांव, निरंजन तिवारीपुरवा का है। यहां रहने वाली कलावती पत्नी अंशुमान तिवारी ने 24 अगस्त 2026 को डीआईजी अशोक कुमार के सामने पहुंचकर अपनी भूमि से जुड़ी समस्या बताई थी। महिला का कहना था कि अभिलेखों में जमीन उनके नाम दर्ज है। लेकिन विपक्षी उन्हें अपनी जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। इसके चलते वह काफी समय से परेशान थीं। जमीन पर कोई निर्माण भी नहीं करा पा रही थीं।
महिला की शिकायत को डीआईजी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने उमरीबेगमगंज थाना प्रभारी को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने थाना प्रभारी से फोन पर बात कर महिला की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा। साथ ही मामले में गंभीरता और समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआईजी के निर्देश के बाद उमरीबेगमगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला के भूमि संबंधी विवाद का निस्तारण करा दिया। इसके बाद कलावती की जमीन को लेकर चली आ रही समस्या दूर हो गई।
मंगलवार 6 अक्टूबर को कलावती दोबारा डीआईजी अशोक कुमार के सामने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन से जुड़ी समस्या का समाधान हो गया है। समस्या दूर होने से खुश महिला ने डीआईजी को मिठाई खिलाई और उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद दिया। कलावती ने डीआईजी की संवेदनशीलता और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से उनकी परेशानी दूर हो गई। इस दौरान डीआईजी अशोक कुमार ने कहा किशिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेना उनकी प्राथमिकता है।