
पकड़े गए आरोपी साथ में पुलिस टीम फोटो सोर्स पुलिस विभाग
Gonda News: गोंडा में शराब पीने के बाद स्थानीय लोगों से कहासुनी तीन युवकों को भारी पड़ गई। आरोप है कि दबदबा कायम करने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए उन्होंने शराब की दुकान के पास हवाई फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद हुआ।
गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शराब की दुकान के पास हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब पीने के दौरान स्थानीय लोगों से हुई कहासुनी के बाद अपना दबदबा कायम करने के लिए फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मौके से एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मामला सोमवार का है। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रायपुर सुल्तानजोत स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास कुछ लोग हवाई फायरिंग कर रहे हैं। फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान तीन लोगों की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रामफेर तिवारी उर्फ पालू तिवारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रामफेर से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर उसके दो अन्य साथियों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने डड़वा कानूनगो स्थित मत्स्य पालन विभाग की बिल्डिंग में तलाश की। यहां से मोहम्मद कलाम और पंकज मिश्रा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शराब पी रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद लोगों पर अपना दबदबा कायम करने और दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली तो मोहम्मद कलाम के पास से 7.65 एमएम की एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पंकज मिश्रा के कब्जे से 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला। वहीं रामफेर तिवारी के पास से भी 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान 7.65 एमएम का एक खोखा कारतूस भी बरामद किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Updated on:
06 Oct 2026 05:10 pm
Published on:
06 Oct 2026 04:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
