गोंडा

गोंडा: दिन में गांव में घूमकर करते थे रेकी, फिर रात में लग्जरी गाड़ियों से बकरी चोरी, पुलिस ने पकड़ा गैंग

Gonda Goat Theft Case: गोंडा में कर्नलगंज पुलिस ने स्कॉर्पियो से बकरी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Jun 08, 2026
पकड़े गए आरोपी बरामद बकरी फोटो सोर्स पुलिस मीडिया सेल
पुलिस ने बकरी चोर गैंग गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

गोंडा में बकरी चोरी की बढ़ती घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कर्नलगंज पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी से बकरियां चोरी करने वाले संगठित गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की बकरियां-बकरे, एक स्कॉर्पियो गाड़ी और बाइक नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच समेत आसपास के जिलों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

गोंडा जिले में बकरी चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत कर्नलगंज पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है।

अलग-अलग क्षेत्र में हुई बकरियों की चोरी

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बकरी चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया।

संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर दत्तनगर मोड़ से आरिफ, नरेन्द्र कुमार मिश्रा और मोहम्मद इरफान उर्फ भूरे को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह पहले गांवों में घूमकर उन घरों की रेकी करता था। जहां बकरियां पाली जाती थीं। इसके बाद रात में स्कॉर्पियो से पहुंचकर ताले तोड़कर बकरियां चोरी कर लेता था। उन्हें दूसरे जिलों की मंडियों में बेच देता था।

पुलिस से बचने के लिए करते थे ये उपाय

मुख्य आरोपी आरिफ ने पुलिस को बताया कि 4 और 5 जून की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर
करनैलगंज क्षेत्र के खरथरी डैनियागंज गांव से 5 बकरियां और 4 बकरे चोरी किए थे। चोरी के बाद पशुओं को गांव में छिपाकर रखा गया था। 8 जून को उन्हें स्कॉर्पियो से बहराइच ले जाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस से बचने के लिए वह मोटरसाइकिल से आगे चलकर रास्ते की रेकी कर रहा था।

पुलिस पूछताछ में कई चोरियों का किया खुलासा

आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब दो महीने पहले गिरोह ने करनैलगंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 10 बकरियां चोरी कर बाराबंकी जिले की फतेहपुर मंडी में 50 हजार रुपये में बेच दी थीं। पुलिस ने बरामद पशुओं को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जबकि फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।

Published on:
08 Jun 2026 11:37 pm