7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलीगढ़ पुलिस में बड़ा एक्शन: 7 दरोगा और एक चालक सस्पेंड, भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोपों पर जांच शुरू

UP Police Action: अलीगढ़ पुलिस विभाग में जवाबदेही तय करने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। विभिन्न आरोपों में कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है। एक मामले में आपराधिक कार्रवाई भी की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

2 min read
Google source verification
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ फोटो सोर्स पुलिस X अकाउंट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ फोटो सोर्स पुलिस X अकाउंट

UP Police Action: अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भ्रष्टाचार और लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। संदिग्ध गतिविधियों व विभागीय नियमों के उल्लंघन करने के आरोपों में सात उपनिरीक्षकों और एक आरक्षी चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी मामलों की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जबकि एक उपनिरीक्षक के खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

अलीगढ़ पुलिस विभाग में कार्यप्रणाली को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज जादौन ने विभिन्न थानों में तैनात सात उपनिरीक्षकों और एक आरक्षी चालक को निलंबित कर दिया है। इन सभी पर अलग-अलग मामलों में लापरवाही, अनुशासनहीनता, भ्रष्ट आचरण और विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर चूक के आरोप लगे हैं। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार थाना रोरावर में तैनात उपनिरीक्षक संजय यादव और आरक्षी चालक राजवीर सिंह पर थाने से जुड़ी गोपनीय जानकारियां बाहरी लोगों तक पहुंचाने तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप हैं। दोनों पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।

इनको किया गया सस्पेंड

रोरावर थाना क्षेत्र की शाहपुर कुतुब पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन पर अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं में समय पर कानूनी कार्रवाई न करने, वरिष्ठ अधिकारियों को सही जानकारी न देने तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने के आरोप हैं।

महिला की शिकायत पर हुए सस्पेंड

थाना बन्ना देवी में तैनात उपनिरीक्षक राजकुमार पर एक महिला शिकायतकर्ता के साथ अनुचित व्यक्तिगत संबंध रखने और उससे अनुचित लाभ लेने के आरोप लगे हैं। विभागीय जांच में इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। थाना सासनी गेट के उपनिरीक्षक दीपक कुमार पर ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने, सूचना देने के बावजूद उपस्थित न होने और बिना अनुमति लगातार गैरहाजिर रहने का आरोप है। वहीं इसी थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक पायल मान भी स्वीकृत अवकाश समाप्त होने के बाद बिना सूचना ड्यूटी पर वापस नहीं लौटीं, जिसके चलते उनके खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई।

इन पर निलंबन के साथ दर्ज कराई गई रिपोर्ट

थाना लोधा में तैनात उपनिरीक्षक रोहित कुमार तोमर पर सबसे गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर एक मामले में कार्रवाई का भय दिखाकर अवैध धन वसूलने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें निलंबित करने के साथ-साथ उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इसके अलावा थाना हरदुआगंज के उपनिरीक्षक राकेश कश्यप पर न्यायालय के आदेशों का समय पर पालन न करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बदले धन की मांग करने के आरोप सामने आए हैं।

एसएसपी बोले- भ्रष्टाचार और लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी नीरज जादौन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता, लापरवाही या अपराधियों से किसी भी प्रकार की मिलीभगत को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

बड़ी खबरें

View All

अलीगढ़

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग